प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज के सलोरी स्थित वनस्पति अनुसंधान केंद्र ओवरब्रिज के पास मोबाइल फोन छीनकर भाग रहे बाइक सवार बदमाशों का पीछा कर रहे इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) के पीएचडी छात्र को गोली मार दी गई। छात्र को बेली अस्पताल में भर्ती कराया गया। कर्नलगंज पुलिस ने वारदात के दो दिन बाद अज्ञात दो बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
चैथम लाइन स्थित पंत हॉस्टल निवासी मिथिलेश कुमार इविवि से पीएचडी कर रहा है। शनिवार रात करीब 10 बजे वह अपने साथियों के साथ खाना खाने के बाद टहल रहा था। सलोरी के वनस्पति अनुसंधान केंद्र ओवरब्रिज के पास बाइक सवार दो बदमाश आंबेडकर हॉस्टल निवासी एक छात्र का मोबाइल छीनकर पंत हॉस्टल की ओर भागने लगे। शोर सुनकर मिथिलेश और अन्य छात्रों ने बदमाशों का पीछा कर रोकने का प्रयास किया।
आरोप है कि बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने असलहा निकालकर फायरिंग कर दी। गोली मिथिलेश की जांघ में लग गई और वह सड़क पर गिर पड़ा। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना से नाराज छात्रों ने इलाके में बढ़ती लूट और छिनैती की घटनाओं को लेकर विरोध भी जताया। छात्र ने आरोप लगाया है कि वारदात के दो दिन बाद भी पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की है। बहरहाल, पुलिस ने सोमवार को आरोपियों के खिलाफ दर्ज कर ली है।
कर्नलगंज थाना प्रभारी संजय सिंह यादव ने बताया कि बाइक सवार दो युवकों ने वारदात को अंजाम दिया है। उनकी पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
