प्रयागराज (राजेश सिंह)। मिशन शक्ति अभियान के तहत बुधवार को सहायक पुलिस आयुक्त करछना कुंजलता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नैनी स्थित आदर्शिला वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों के साथ समय बिताया। इस दौरान वहां रहने वाले बुजुर्गों को फल वितरित किए गए और महिला बुजुर्गों को साड़ियां भेंट की गईं। पुलिस टीम के इस मानवीय पहल से वृद्धाश्रम में मौजूद महिला और पुरुष काफी प्रसन्न नजर आए।
कार्यक्रम में नैनी थाना प्रभारी निरीक्षक अविनाश सिंह, मिशन शक्ति प्रभारी और महिला हेल्प डेस्क प्रभारी मौजूद रहीं। पुलिस टीम ने बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और यह एहसास दिलाया कि समाज में वे अकेले नहीं हैं। पुलिस के इस सामाजिक कार्य को मानवीय संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़कर देखा जा रहा है। बुजुर्गों ने फल और साड़ियां पाकर पुलिस टीम की सराहना की।

