प्रयागराज (राजेश सिंह)। एसएससी कांस्टेबल जीडी परीक्षा में दूसरे दिन मंगलवार को भी बखेड़ा हुआ। अंदावा स्थित सीता सुनीता सिंह महिला महाविद्यालय के आईटेक जोन को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। एसएससी जीडी परीक्षा के दौरान दूसरे दिन भी क्षमता से अधिक अभ्यर्थी पहुंच गए। उन्हें कंप्यूटर और बैठने के लिए स्थान नहीं मिलने पर अभ्यर्थी नाराज हो गए और हंगामा करते हुए तोडफ़ोड़ शुरू कर दी।
यहां परीक्षा तीन शिफ्टों में होनी थी। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10.30 से 11.30,बजे तक होनी थी। कुल 550 परिक्षार्थी विद्यालय के अंदर प्रवेश कर चुके थे। बताया गया कि सर्वर डाउन होने की वजह से परीक्षा 25 मिनट लेट से शुरू हुई और निर्धारित समय पर पेपर समाप्त कर दिया गया। परिक्षार्थियों को मात्र 35 मिनट ही समय मिल सका।
इसको लेकर परीक्षार्थी उग्र हो गए और केंद्र के अंदर तोड़फोड़ शुरू कर दी। साथ ही परीक्षा निरस्त करने की मांग करने लगे। गुस्साए परीक्षार्थियों ने प्रयागराज-वाराणसी जीटी रोड पर रास्ताजाम कर दिया। बवाल की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे प्रशिक्षु आइपीएस ईश्वर लाल गुर्जर, एसीपी थरवई अरुण पाराशर सहित थानाध्यक्ष संजय गुप्ता फोर्स के साथ पहुंचे।
थानाध्यक्ष ने बताया कि एसएससी द्वारा तीनों पालियों की परीक्षा निरस्त कराने के आश्वासन पर छात्र माने। इसके बाद आवागमन सुचारू हो सका। इस दौरान करीब एक घंटे तक जीटी रोड पर रास्ताजाम रहा। मार्ग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई।
उललेखनीय है कि इससे पहले सोमवार यानी 25 मई को भी सीता सुनीता सिंह महिला महाविद्यालय परीक्षा केंद्र पर ही जमकर तोडफ़ोड़ के साथ ही अभ्यर्थियों ने बवाल किया था। करीब एक घंटे तक रास्ताजाम किया था। उस दिन की भी परीक्षा रद की गई थी।
