Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

46.4 डिग्री तापमान के साथ यूपी में दूसरा सबसे गर्म जिला प्रयागराज, जानें कबसे मिलेगी राहत

SV News

मौसम विभाग ने बताया कब से मिलेगी राहत

प्रयागराज (राजेश सिंह)। नौतपा के तीसरे दिन बुधवार को प्रयागराज भीषण गर्मी की चपेट में रहा। सूरज ने फिर आग उगली और अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके साथ ही प्रयागराज बांदा के बाद प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म शहर रहा।
बांदा में अधिकतम तापमान 47.8 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि झांसी में पारा 46 डिग्री रहा। दिन चढ़ने के साथ गर्मी का असर इतना तीखा हो गया कि सड़कें तपने लगीं और दोपहर बाद शहर में सन्नाटे जैसा माहौल दिखा। बुधवार को सुबह और दोपहर 12 बजे तक गर्मी का प्रभाव पिछले दिनों की तुलना में कुछ कम महसूस हुआ, लेकिन इसके बाद मौसम ने तेजी से करवट ली।
गर्म हवाओं ने तापमान को ऊपर चढ़ाना शुरू किया और दोपहर तीन बजे तक गर्मी अपने चरम पर पहुंच गई।
न्यूनतम तापमान भी 28.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक है। यानी रात में भी लोगों को खास राहत नहीं मिली। पिछले नौ दिनों से प्रयागराज लगातार भीषण गर्मी झेल रहा है।
इस दौरान अधिकतम तापमान 45 डिग्री से नीचे नहीं आया। इनमें से पांच दिन ऐसे रहे, जब पारा 46 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया। 19 मई को अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री था, जो 20 मई को 46.4, 21 मई को 46.6 और 22 मई को 46.2 डिग्री पहुंच गया।
23 मई को तापमान 46 डिग्री रहा। इसके बाद 24, 25 और 26 मई को पारा 45 से 46 डिग्री के बीच बना रहा। बुधवार को एक बार फिर तापमान 46.4 डिग्री पहुंचने से गर्मी ने अपनी तीव्रता का अहसास करा दिया। दिनभर गर्म हवाओं और तेज धूप के कारण आम जनजीवन प्रभावित रहा।
दोपहर के समय बाजारों, चौराहों और प्रमुख सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम दिखी। जरूरी काम से बाहर निकले लोग सिर ढककर, गमछा, टोपी और छाते का सहारा लेते नजर आए। गर्मी के कारण ठंडे पेय पदार्थों, नींबू पानी, शिकंजी और नारियल पानी की मांग बढ़ गई।
सुबह आर्द्रता 41 प्रतिशत और शाम को 37 प्रतिशत दर्ज की गई। हालांकि राहत की उम्मीद भी बनी हुई है। विभाग ने गुरुवार रात से तापमान में गिरावट के संकेत दिए हैं। गुरुवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री रहने और आंशिक बादल छाने के साथ एक-दो दौर की बारिश या गरज-चमक की संभावना है।
शुक्रवार को 43 डिग्री और शनिवार को तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है। इन दोनों दिनों में बादल छाए रहने और बारिश के कुछ दौर होने की संभावना जताई गई है। 31 मई को अधिकतम तापमान 38 डिग्री तक गिर सकता है। इसके बाद एक और दो जून को तापमान 39 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।
यानी लगातार तप रहे प्रयागराज को अगले दो-तीन दिनों में मौसम की नरमी से कुछ राहत मिल सकती है। फिलहाल नौतपा की तपिश ने शहरवासियों की परीक्षा ले रखी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad