शिकायत के अनुसार पीड़ित अशोक सिंह ने आरोप लगाया है कि गांव के अजीत प्रताप सिंह उर्फ टीटू, ऋषभ सिंह, श्रृजल सिंह, आशीष कुमार सिंह उर्फ बृजेश, अभिषेक कुमार सिंह उर्फ लकी, अश्वनी कुमार सिंह उर्फ पप्पू और दो अज्ञात व्यक्ति अशोक कुमार सिंह के घर पहुंचे। उन्होंने अशोक के बेटे संदीप कुमार सिंह को खेत में पानी बहने की बात पर मां-बहन की गालियां देते हुए लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया।
आरोप है कि जब अशोक कुमार सिंह और उनकी पत्नी घर से बाहर आए, तो हमलावरों ने उन्हें भी पीटना शुरू कर दिया। अशोक कुमार सिंह ने आशीष कुमार सिंह उर्फ बृजेश सिंह से पूछताछ करने की कोशिश की, जिस पर हमलावरों ने उन्हें और भी बुरी तरह पीटा। अशोक कुमार सिंह और उनके बेटे ने घर में घुसकर अपनी जान बचाई। आरोप है कि हमलावर घर में घुस गए और अशोक की पत्नी के बाल पकड़कर खींचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
जाते समय हमलावरों ने धमकी दी कि यदि पुलिस या थाने में शिकायत की गई, तो उन्हें और उनके बच्चों को जान से मार दिया जाएगा। हमलावरों ने खुद को गांव का दबंग और प्रभावशाली व्यक्ति बताया, पीड़ित ने बताया कि उनमें से एक पूर्व प्रधान रह चुका है। आरोप लगाया कि उन्होंने यह भी धमकी दी कि यदि वे अगली बार प्रधान बने, तो पीड़ित परिवार को जान से मार देंगे।
पीड़ित अशोक सिंह ने बताया कि उन्होंने डायल 112 पुलिस को सूचना दी, लेकिन डायल 112 पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। कुछ देर बाद डायल 112 पुलिस पहुंची तो थाने जाकर शिकायत करने की बात कहकर चली गई।
