प्रयागराज (राजेश सिंह)। संगम नगरी और आसपास के इलाकों में आई तेज आंधी ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। आंधी के कारण प्रयागराज-जौनपुर रेल मार्ग पर थारवई रेलवे स्टेशन के पास एक विशालकाय पेड़ रेलवे ट्रैक पर गिर गया, जिससे इस रूट पर ट्रेनों का संचालन पूरी तरह ठप हो गया है। घटना शाम लगभग सात बजे की है। ट्रैक पर पेड़ गिरने से अप और डाउन, दोनों लाइनों पर यातायात बाधित है। घटना थरवई और सरायचंडी रेलवे स्टेशन के बीच गेम नंबर आठ-सी पर हुई है। इससे कामायनी एक्सप्रेस, बुंदेलखंड एक्सप्रेस, पनवेल-गोरखपुर एक्सप्रेस समेत गाजीपुर डेमू और पैसेंजर ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर खड़ा किया गया है।
मौजूदा स्थिति यह है कि पनवेल-गोरखपुर एक्सप्रेस को प्रयागराज जंक्शन पर रोका गया है, जबकि गाजीपुर डेमू और पैसेंजर ट्रेनें प्रयागराज संगम स्टेशन से रवाना नहीं हो सकी हैं। बुंदेलखंड एक्सप्रेस जंघई स्टेशन पर खड़ी है।
रेलवे प्रशासन को सूचना मिलते ही अधिकारी और तकनीकी कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंच गई है। पेड़ को काटकर ट्रैक से हटाने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ट्रैक पूरी तरह खाली होने और सुरक्षा जांच के बाद ही ट्रेनों का संचालन पुनः बहाल किया जाएगा।
