प्रयागराज (राजेश सिंह)। शहर के कीडगंज क्षेत्र के रहने वाले तीर्थ पुरोहित मारतेंद प्रकाश दुबे की सोमवार देर रात स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल में मौत हो गई। तीर्थ पुरोहित को 15 दिन पहले गोली मारी गई थी। पुरोहित की पत्नी की तहरीर पर कीडगंज पुलिस ने दो बेटे और बहू के खिलाफ नामजद एफआइआर दर्ज कराई गई थी।
चौखंडी कीडगंज निवासी 60 वर्षीय तीर्थ पुरोहित मारतेंद प्रकाश दुबे को 15 दिन पहले रात करीब सवा दस बजे घर के पास बैठ कर कुछ लोगों से बातचीत कर रहे थे। उसी समय बाइक सवार दो बदमाश काली मंदिर के पास उन्हें चार गोली मारकर फरार हो गए थे। गंभीर रूप से घायल तीर्थ पुरोहित को एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
तीर्थ पुरोहित की दूसरी पत्नी सरिता देवी की तहरीर पर पुलिस ने बेटे शालीन व विक्की और बहू के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया था। सरिता का आरोप था कि दोनों बेटे से प्रकाश दुबे की संपत्ति का विवाद न्यायालय में चल रहा है। आरोप है कि संपत्ति के विवाद की वजह से सुपारी देकर वारदात को अंजाम दिया गया।
कीडगंज थाना प्रभारी प्रीतम तिवारी ने बताया कि घायल तीर्थ पुरोहित मारतेंद प्रकाश दुबे की मौत हो गई है। मामले की जांच-पड़ताल जारी है। प्रथम दृष्टया परिवार में संपत्ति विवाद का मामला सामने आया है।
पहली पत्नी के निधन के बाद तीर्थ पुरोहित प्रकाश दुबे ने वर्ष 2014 में सरिता से परिवार की मर्जी के खिलाफ शादी कर ली थी। वह सरिता के साथ अहमदाबाद में रहते थे। जहां सरिता के नाम पर फ्लैट व चारपहिया गाड़ी भी खरीदी थी। हालांकि, बीच बीच में उनका प्रयागराज आना-जाना लगा रहता था।
