Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने ध्वस्त किया अवैध निर्माण

sv news

नैनी, दादूपुर और धनुआ में 11 बीघे की प्लाटिंग पर चला बुलडोजर

प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने अवैध निर्माण और प्लाटिंग के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को जोन-4 के अंतर्गत नैनी क्षेत्र में व्यापक ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। इस दौरान कई अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया, जबकि लगभग 11 बीघे में विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग को भी बुलडोजर चलाकर नष्ट कर दिया गया।

पीडीए की प्रवर्तन टीम ने जोनल अधिकारी के नेतृत्व में नैनी पुलिस की मौजूदगी में यह कार्रवाई की। धनुआ, बसवार रोड, नैनी निवासी सागर भारतीय द्वारा लगभग 28 वर्गमीटर क्षेत्रफल में आरसीसी कॉलम के सहारे कराए जा रहे निर्माण को गिराया गया। इसी तरह, सुभाष द्वारा लगभग 70×25 वर्गफुट क्षेत्र में किए गए निर्माण और आनंद चौरसिया उर्फ शीलू चौरसिया द्वारा करीब 75 वर्गमीटर क्षेत्र में किए गए अवैध निर्माण को भी ध्वस्त कर दिया गया।

इसके अतिरिक्त, मौजा दादूपुर, रीवा रोड, नैनी में बड़े पैमाने पर अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई हुई। जावेद, सोएब, अमन यादव, दिनेश यादव, दूधनाथ यादव, राजेश सिंह, राजू पाण्डेय सहित अन्य लोगों द्वारा लगभग छह बीघे क्षेत्र में विकसित की गई अवैध प्लाटिंग को बुलडोजर से जमींदोज किया गया। इसी क्षेत्र में सूफियान खान, अंकित निषाद, पंकज सिंह, प्रशांत सिंह, केशरवानी समेत अन्य लोगों द्वारा लगभग पांच बीघे में कराई जा रही अवैध प्लाटिंग पर भी कार्रवाई की गई।

पीडीए ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। प्राधिकरण ने निर्माणकर्ताओं और डेवलपर्स को निर्देश दिया है कि वे केवल स्वीकृत मानचित्र के अनुसार ही विकास कार्य कराएं। साथ ही, आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी अवैध कॉलोनी अथवा मेला क्षेत्र में भूखंड खरीदने से पहले पूरी जांच-पड़ताल अवश्य कर लें।

पीडीए अधिकारियों ने बताया कि संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए संबंधित थाने में तहरीर भी दी जाएगी। इस ध्वस्तीकरण अभियान में जोनल अधिकारी, भवन निरीक्षक कुंवर आनंद सिंह, सुपरवाइजर, पीडीए प्रवर्तन टीम तथा नैनी थाना पुलिस मौजूद रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad