आरोपित ने मुकदमा दर्ज कराने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी
प्रयागराज (राजेश सिंह)। शहर के साकेत नगर में रिटायर्ड जज मार्कण्डेय राय को कार से कुचलने की कोशिश और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित के बेटे अधिवक्ता संदीप राय ने धूमनगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है।
संदीप राय का कहना है कि 28 जुलाई को उनके पिता मार्कंडेय राय साकेत नगर के तरफ से पैदल सड़क के बिल्कुल बाई तरफ से अपने घर विनायक सेंट्रल पार्क, शेरवानी लिगेसी सुलेमसराय जा रहे थे। तभी अचानक पीछे से स्कार्पियो गाड़ी ने प्रार्थी के पिता को नए गोदाम (बिग बस्केट) साकेत नगर के सामने पीछे से जोर से टक्कर मार दिया, जिससे प्रार्थी के पिता नीचे गिर गए। उसके बाद प्रार्थी के पिता को उसी गाड़ी से कुचलने का प्रयास किया गया।
आरोप के अनुसार नशे में धुत चालक गाड़ी आगे खड़ी करके उतरा और गाली देने लगा। इसके बाद उसने फोन करके अपने साथियों को बुला लिया। सब मिलकर प्रार्थी के पिता को धमकी दी। कहा कि अगर हमारे खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया तो उसका अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहना। पिता के कॉल पर संदीप राय मौके पर पहुंचे। गाड़ी चालक को पिता का कलर पकड़े देख 112 नंबर पर कॉल किया। पुलिस के आने पर प्रार्थी और प्रार्थी के पिता की जान बच सकी।
पुलिस ने मौके से गाड़ी चालक को पकड़ लिया, जबकि उसके अन्य साथी गाड़ी लेकर फरार हो गए। रिटायर्ड जज और नशे में धुत गाड़ी चालक को पुलिस थाने ले गई। पीड़ित का मेडिकल जिला अस्पताल शाहगंज में करवाया गया। वे गंभीर रूप से घायल हैं।
