प्रयागराज (राजेश सिंह)। जेल में बंद अपने भाई की रिहाई, मुकदमा खत्म करने और तालाब से कब्जा हटाने की मांग को लेकर बुधवार सुबह युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। इसका पता चलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस, राजस्व और अग्निशमन की टीम भी पहुंच गई। कई बार समझाने के बाद भी युवक जिद पर अड़ा रहा। राजस्व विभाग की ओर से नापजोख शुरू करने और पुलिस की तरफ से जांच का आश्वासन मिलने के 12 घंटे बाद युवक नीचे उतरा। बेनीपुर गांव निवासी आशुतोष सिंह के खिलाफ हत्या, छेड़खानी, मारपीट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। वह जेल में बंद है। बुधवार सुबह करीब छह बजे लवकुश सिंह अपने भाई आशुतोष की रिहाई समेत अन्य मांग को लेकर गांव के बाहर स्थित मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। यह देख ग्रामीणों में खलबली मच गई। देखते ही देखते वहां भीड़ भी जुट गई।
कुछ देर बाद इंस्पेक्टर, चौकी इंचार्ज, कानूनगो, लेखपाल के साथ अग्निशमन की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने लवकुश को समझाते हुए नीचे उतारने का प्रयास किया। लेकिन, लवकुश अपने भाई के खिलाफ दर्ज सभी मुकदमों को फर्जी बताते हुए वापस लेने, गांव के कुछ लोगों पर सरकारी तालाब पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की। यह भी कहा कि जब तक कार्रवाई नहीं होगी, वह नीचे नहीं उतरेगा। कई घंटा बीत जाने के बाद भी जब लवकुश नहीं उतरा तो राजस्व विभाग की टीम ने सरकारी तालाब पर पहुंचकर नापजोख शुरू की। फिर पुलिस ने आशुतोष के खिलाफ दर्ज मुकदमों की निष्पक्ष जांच का आश्वासन देकर समझाया और जरूरी इंतजाम करके नीचे उतरवाया।
थाना प्रभारी सोरांव दीनदयाल सिंह का कहना है कि जेल में बंद अपने भाई की रिहाई और तालाब से कब्जा खाली कराने की मांग को लेकर युवक टॉवर पर चढ़ा था। उसे सकुशल उतरवाया गया है।
