प्रयागराज (राजेश सिंह)। गंगानगर के मऊआइमा थाना क्षेत्र के मांदीपुर गांव में वृद्ध महिला पर जानलेवा हमला किया गया। बुधवार देर रात वह खेत की सिंचाई कर रही थी। इसी दौरान एक युवक द्वारा चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घायल महिला ने थाने में तहरीर देकर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है।
मांदीपुर गांव निवासी 75 वर्षीय सुखिया देवी पत्नी स्व. राम अभिलाष विश्वकर्मा ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि बुधवार देर रात करीब दो बजे उसने अपने ट्यूबवेल से खेत में पानी लगाया था। इसी दौरान वह बगल के खेत की ओर जा रही थी। आरोप है कि तभी धानी का पूरा गांव निवासी चंद्रभान बार-बार उनके खेत की तरफ आ रहा था। इसका विरोध करने पर अपशब्द करने लगा।
सुखिया देवी ने जब जब चंद्रभान को वहां से जाने की बात कही तो गाली देते हुए उसने चाकू निकाला और सुखिया के गले पर वार कर दिया। हमले में गंभीर चोट आई। शोर सुनकर सुखिया देवी का बेटा दिनेश विश्वकर्मा मौके पर पहुंचा तो आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गया।
