प्रयागराज (राजेश सिंह)। मानसून की आमद प्रयागराज में हो गई है। आसमान में बादल छाए हैं और हल्की बारिश भी आज रविवार को हुई। इसके बावजूद लोगों को उमस से राहत नहीं मिल सकी है। उन्हें अभी भी झमाझम बारिश का इंतजार है।
रविवार को जिले के कुछ इलाकों में हल्की और कहीं-कहीं रिमझिम बारिश हुई, लेकिन यह बारिश गर्मी और उमस से राहत दिलाने के लिए पर्याप्त साबित नहीं हुई। दिनभर बादलों की आवाजाही के बीच वातावरण में नमी बनी रही, जिससे लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में जिले में बारिश दर्ज नहीं की गई (एनआईएल)। न्यूनतम तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक है। सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 64 प्रतिशत दर्ज की गई, जिससे उमस का असर और बढ़ गया। अधिकतम तापमान का आंकड़ा अभी उपलब्ध नहीं हो सका।
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदल सकता है। 6 जुलाई को आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ एक-दो दौर की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इस दिन अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
इसके बाद 7 और 8 जुलाई को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इन दोनों दिनों में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मौसम विभाग का कहना है कि 9 और 10 जुलाई को बादलों की सक्रियता और बढ़ेगी। आसमान सामान्यतः बादलों से ढका रहेगा तथा एक-दो दौर की बारिश होने के संकेत हैं। इन दिनों अधिकतम तापमान घटकर 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 11 जुलाई को भी इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अगले कुछ दिनों में बारिश की गतिविधियां तेज होती हैं तो तापमान में और गिरावट आएगी तथा उमस से राहत मिलेगी। वहीं किसानों की भी निगाहें अच्छी बारिश पर टिकी हैं, क्योंकि खरीफ फसलों की बुआई और खेतों में पर्याप्त नमी के लिए नियमित वर्षा जरूरी है। फिलहाल शहरवासियों को तेज बारिश का इंतजार है, ताकि गर्मी और उमस के लंबे दौर से राहत मिल सके।
