मांडारोड, प्रयागराज (अनिल यादव)। मंगला प्रसाद इंटर कॉलेज में मंगलवार को आयोजित तहसील स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दमदार खेल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य संतोष कुमार सिंह ने फीता काटकर किया।
सब-जूनियर और जूनियर वर्ग में मंगला प्रसाद कॉलेज अव्वल
सब-जूनियर और जूनियर वर्ग का फाइनल मुकाबला मेजबान मंगला प्रसाद इंटर कॉलेज और लक्ष्मी नारायण इंटर कॉलेज, मेजा के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। रोमांचक मुकाबले में मंगला प्रसाद इंटर कॉलेज ने जीत दर्ज कर खिताब पर कब्जा जमाया, जबकि लक्ष्मी नारायण इंटर कॉलेज उपविजेता रहा।
जूनियर-सीनियर वर्ग में बामपुर का दबदबा
जूनियर और सीनियर वर्ग के फाइनल में बामपुर की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए लाला रामलाल अग्रवाल इंटर कॉलेज, सिरसा को पराजित कर चैंपियनशिप अपने नाम कर ली।
बालिका वर्ग में लक्ष्मी नारायण कॉलेज चैंपियन
बालिका वर्ग के फाइनल में लक्ष्मी नारायण कॉलेज ने बेहतरीन प्रदर्शन कर खिताब जीता। इस वर्ग में बामपुर की टीम को उपविजेता से संतोष करना पड़ा।
मैचों के समापन पर बामपुर टीम के कप्तान गंगाधर और लक्ष्मी नारायण कॉलेज के कप्तान सुनील मौर्य ने खिलाड़ियों का अभिवादन किया। इसके बाद विद्यालय के प्रबंधक अश्वनी कुमार ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर राजेश यादव, डॉ. वागीश कुमार, पंकज जायसवाल, हरिशंकर यादव, आकाश, राजरूप, पूनम, प्रसून दुबे सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र और खेल प्रेमी मौजूद रहे।
