मांडा, प्रयागराज(अनिल यादव)। प्रयागराज-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवारा पशुओं का जमावड़ा दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है। मांडा थाना क्षेत्र के टिकरी गांव के सामने हाईवे पर रोजाना दर्जनों आवारा गोवंश बैठे रहते हैं, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
हाईवे के बीचों-बीच 8-10 गोवंश बैठे और खड़े हैं, जिससे आधी से अधिक सड़क जाम हो गई है। ऊपर लगा बोर्ड मिर्जापुर 37 और वाराणसी 98 किमी दर्शा रहा है, जो इस मार्ग की व्यस्तता को दिखाता है।
ग्रामीणों के अनुसार मंगलवार देर शाम इसी स्थान पर हाईवे पर खड़े आवारा पशुओं को एक अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो पशुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
घटना की सूचना पर डायल-112 पुलिस रात में मौके पर पहुंची और मृत पशुओं को सड़क से हटवाया। स्थानीय लोगों ने बताया कि हाईवे पर आवारा पशुओं के कारण पहले भी कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं। रात के समय तो खतरा और बढ़ जाता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा पशुओं को पकड़वाकर गोशाला भेजने और हाईवे पर नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है।

