दाहिने हाथ में सोरम व एसके लिखा था
प्रयागराज (राजेश सिंह)। गंगानगर में बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया। मऊआइमा थाना क्षेत्र के तिलक के पूरा गांव के पास शुक्रवार रात एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी है। सुबह रेलवे ट्रैक किनारे खून से लथपथ लाश देख ग्रामीणों में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी।
युवक के दाहिने हाथ पर एसके और सोरम लिखा था। कत्ल किसने और क्यों किया, यह अभी साफ नहीं है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मऊआइमा पुलिस का कहना है कि मृतक युवक की पहचान होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मऊआइमा थाना क्षेत्र के तिलक का पूरा गांव के सामने रेलवे ट्रैक के बगल स्थित नौआ का बाग में शनिवार सुबह लगभग 25 वर्षीय अज्ञात युवक का गला रेता हुआ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। मऊआइमा पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। प्रारंभिक जांच में युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही युवक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। हालांकि अभी पहचान नहीं हो सकी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।
