प्रयागराज (राजेश सिंह)। शहर के सलोरी इलाके में अधिवक्ता अंकित कुमार सिंह को गोली मारने के मामले में भाजपा पार्षद राजू शुक्ला का बेटा दीपक शुक्ला आरोपित है। वारदात को अंजाम देने के बाद वह लखनऊ भाग निकला है। उसकी लोकेशन राजधानी लखनऊ में मिलने के बाद पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए जाल बिछा दिया है। उधर दीपक के नामजद साथी शुभम तिवारी, दिवाकर यादव, निखिल शुक्ला समेत अन्य की भी तलाश की जा रही है।
18 अगस्त की रात सलोरी स्थित ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज परिसर में ताबड़तोड़ फायरिंग हुई थी। जान बचाकर भाग रहे वकील अंकित को गोली मार दी गई थी। पैर में गोली लगने से वह घायल हो गए थे। घटना के बाद पीड़ित ने वरिष्ठ पार्षद राजू शुक्ला के बेटे दीपक और उसके साथियों पर गोली मारने का आरोप लगाया।
घायल अंकित की तहरीर पर कर्नलगंज पुलिस ने चार नामजद और आठ अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। भुक्तभोगी ने आरोप लगाया कि वह अपने घर पर पास मौजूद था। तभी दीपक अपने साथियों के साथ आया और जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। उसे गोली लगने पर उसके पिता पर भी फायर झोंका गया।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि एफआईआर के बाद दीपक ने शहर छोड़ दिया। वह कुछ साथियों के साथ लखनऊ भाग गया। उसकी लोकेशन मिलने पर पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी तेज कर दी, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई है। इंस्पेक्टर कर्नलगंज संजय सिंह यादव का कहना है कि पार्षद के बेटे समेत अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
