Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

आभूषण कारोबारी की मौत पर हंगामा: शव रखकर किया हाईवे जाम, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

SV News

प्रयागराज (राजेश सिंह)। नैनी थाना क्षेत्र के मानस विहार अपार्टमेंट में आभूषण कारोबारी भूपेंद्र सोनी की संदिग्ध मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शनिवार शाम परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद शव को घूरपुर थाना क्षेत्र में प्रयागराज-रीवा हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया। परिजनों का आरोप है कि भूपेंद्र की हत्या की गई है, इसलिए हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए।

सूचना पर एसीपी कौंधियारा अब्दुस सलाम खान और एसीपी करछना कुंजलता मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने-बुझाने में जुटे रहे।

आठ मंजिला अपार्टमेंट से गिरकर हुई थी मौत

शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे घूरपुर के चंपतपुर निवासी 30 वर्षीय भूपेंद्र सोनी अपनी कार से मानस विहार अपार्टमेंट पहुंचे थे। कुछ देर बाद अपार्टमेंट से किसी के गिरने की आवाज आई। लोगों ने देखा तो भूपेंद्र खून से लथपथ जमीन पर पड़े थे। उन्हें चाका सीएचसी और फिर एसआरएन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का कहना है कि भूपेंद्र का अपार्टमेंट से कोई संबंध नहीं था, वह यहां किससे मिलने आए थे, यह समझ से परे है। उनकी शादी एक साल पहले ही हुई थी।

दो दारोगाओं की मौजूदगी पर सवाल

मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि घटना के समय नैनी थाने के दो दारोगा अपार्टमेंट में मौजूद थे। वही भूपेंद्र को अस्पताल लेकर गए थे। दोनों वहां किस काम से गए थे, इस पर नैनी इंस्पेक्टर स्पष्ट जवाब नहीं दे सके।

महिला और दो लड़कियों के भागने की चर्चा

सूत्रों के अनुसार, एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि घटना के बाद एक महिला और दो लड़कियां घबराई हुई भागती दिखीं। हालांकि पुलिस इसकी पुष्टि नहीं कर रही है।

पुलिस बोली - हर बिंदु पर जांच

डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र यादव का कहना है कि भूपेंद्र के मोबाइल की सीडीआर निकलवाई जा रही है और अपार्टमेंट के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। सभी बिंदुओं पर जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad