मऊआइमा, प्रयागराज (राजेश सिंह)। थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे स्थित एक निजी अस्पताल में 13 वर्षीय किशोरी की मौत के बाद हंगामा हो गया।
मृतका की पहचान फिजा बानो (13 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, शनिवार सुबह बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था, जहां उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि डॉक्टरों द्वारा गलत इंजेक्शन लगाए जाने से किशोरी की जान गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया।
सूचना मिलते ही मऊआइमा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने परिजनों से तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है।
अस्पताल प्रशासन की तरफ से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के बाद ही मौत के स्पष्ट कारणों का पता चल सकेगा।
