प्रयागराज (राजेश सिंह)। बीते दिनों मेजा तहसील परिसर में जूनियर अधिवक्ताओं के चैंबर सीनियर अधिवक्ताओं द्वारा तोड़े जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। विवाद इतना बढ़ गया था कि तहसील में दो पक्ष आमने-सामने आ गए थे। मौके पर मेजा पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा, नहीं तो बड़ी घटना हो सकती थी। मामले में दोनों पक्षों की ओर से मेजा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
इसी प्रकरण को लेकर रविवार को अधिवक्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल प्रयागराज स्थित विधायक संदीप पटेल के आवास पर पहुंचा और न्याय की गुहार लगाई।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल अधिवक्ता ज्योति स्वरूप सिंह, अनिल यादव, महेंद्र कुमार, दीपचंद्र सहित सैकड़ों अधिवक्ताओं ने बताया कि उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया और उनके चैंबर तोड़ दिए गए।
विधायक संदीप पटेल ने पूरे प्रकरण की जानकारी ली और कहा कि पीडीए समाज के अधिवक्ताओं के साथ हुई मारपीट की घटना चिंताजनक है। उन्होंने इस पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अधिवक्ता समाज के साथियों के साथ हुई इस घटना पर गंभीरता से चर्चा की गई है। विधायक ने इस दुर्व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
