जसरा ब्लॉक की रेरा गौशाला में अव्यवस्था उजागर, गोवंश की मौत से ग्रामीणों में आक्रोश
जसरा, प्रयागराज (राजेश सिंह)। जसरा ब्लॉक के अंतर्गत आने वाली रेरा गौशाला से एक चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। गौशाला में अव्यवस्था और देखरेख के अभाव का आरोप लगाते हुए स्थानीय लोगों ने कई गोवंश की मौत होने की बात कही है।
ग्रामीणों के अनुसार, गौशाला परिसर में मृत गोवंश के शव काफी समय तक खुले में पड़े रहे। आरोप है कि समय पर चारा, पानी और उपचार न मिलने के कारण गौशाला की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।
इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार द्वारा गोवंश संरक्षण के लिए गौशालाओं पर लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और पशुपालन विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदारों पर कार्रवाई करने और गौशाला में चारा-पानी व चिकित्सा की व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने की मांग की है।
