प्रयागराज (राजेश सिंह)। सिविल लाइंस के बाद अब धूमनगंज में पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया ने जुआ अड्डे पर छापेमारी की। इससे इलाके में खलबली मच कई। हालांकि दबिश से पहले ही जुआरी और सटोरिए मौके से भाग निकले। अब उनके बारे में पुलिस अलग-अलग स्तर पर जानकारी जुटा रही है। पता चला कि कसारी-मसारी क्षेत्र में भरवारी, नैनी, खुल्दाबाद, करेली समेत कई स्थान से व्यापारी सहित बड़ी संख्या में लोग दांव लगाने के लिए पहुंचते थे। इसकी भनक लगने पर शुक्रवार रात पुलिस कमिश्नर खुद छापेमारी करने के लिए पहुंच गए। सूत्रों का कहना है कि पंकज भड़रा, नितिन पंडा, टिंकू, विकास केसरवानी, बबलू खुरी, राजा, पंकज पीएसी, दीपू, शेरू, कुंवरजी निषाद, मध्यान जैसे कुख्यात सटोरिए भी लाइन लेकर आनलाइन सट्टा करवाते हैं। कुछ साल पहले एसटीएफ और पुलिस की अलग टीमों ने इनमें से कई की गिरफ्तारी करते हुए जेल भेजा था। इसमें से कई के खिलाफ धूमनगंज, अतरसुइया, मुट्ठीगंज थाने में मुकदमा भी दर्ज है, लेकिन गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। कुख्यात सटोरिया पंकज भड़रा के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में कई साल पहले गैंगस्टर का मुकदमा कायम किया गया है। उसकी विवेचना इंस्पेक्टर कैंट की ओर से की जा रही है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस गैंग्सटर की अब तक एक भी प्रापर्टी कुर्क नहीं हो सकी है। जबकि वह अलग-अलग ठिकाने पर लगातार जुआ और सट्टा करवा रहा है। बताया गया है कि पंकज का अपना सिंडीकेट है, जिसे कुछ पुलिसकर्मियों की ओर से भी संरक्षण दिया जाता है।
