प्रयागराज (राजेश सिंह)। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित कृत्रिम अंग/सहायक उपकरण योजना के अंतर्गत शनिवार को विकास खंड परिसर करछना में उपकरण वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि करछना विधायक पीयूष रंजन निषाद व विशिष्ट अतिथि क्षेत्र पंचायत प्रमुख सरोज कमलेश द्विवेदी ने अपने कर-कमलों से कुल 101 दिव्यांगजनों को उपकरण वितरित कर लाभान्वित किया। इनमें 50 ट्राईसाइकिल, 03 व्हील चेयर, 04 स्मार्ट केन, 04 एमआर किट एवं 80 कान की मशीन शामिल रहीं। उपकरण पाकर दिव्यांगजनों के चेहरों पर खुशी झलक उठी। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि विधायक पीयूष रंजन निषाद ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार के समन्वय से उत्तर प्रदेश चहुंमुखी विकास की ओर बढ़ रहा है। सरकार द्वारा समाज के हर वर्ग के नागरिकों के सामाजिक उत्थान एवं स्वावलंबन के लिए कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी अशोक कुमार गौतम ने विभाग की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी एवं सभी अतिथियों व दिव्यांगजनों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में समन्वयक वचन डे केयर सेंटर चंद्रभान द्विवेदी, आशीष वर्मा, शैलेंद्र कुमार दूबे, राजू, विभाग के कर्मचारी व दिव्यांगजन उपस्थित रहे।
