एलिम्को ने बच्चों और अभिभावकों को सिखाया रखरखाव
प्रयागराज (राजेश सिंह)। करछना तहसील के बृजमंगल सिंह इंटर कॉलेज में सोमवार को शिविर लगा। इसमें यमुनापार के सभी विकासखंडों से आए 352 दिव्यांग बच्चों को 470 सहायक उपकरण दिए गए। समग्र शिक्षा और पीएमश्री योजना के तहत लगे शिविर में पढ़ाई और रोजमर्रा की आवाजाही में मदद करने वाले उपकरण बांटे गए। एलिम्को (कानपुर) की तकनीकी टीम ने बच्चों और अभिभावकों को उपकरणों के सही इस्तेमाल और रखरखाव का तरीका भी बताया।
राज्य परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा उत्तर प्रदेश (लखनऊ) के निर्देश और बीएसए अनिल कुमार के मार्गदर्शन में उपकरण बांटे गए। इनमें 159 टीएम किट, 120 हियरिंग एड, 83 व्हीलचेयर, 39 रोलेटर, 19 कैलिपर्स, 15 ट्राईसाइकिल, 14 बैसाखी, 12 ब्रेल किट, 7 सुगम्य केन और 2 सीपी चेयर शामिल हैं। एलिम्को की टीम ने अभिभावकों को उपकरणों की देखभाल का तरीका समझाया।
मुख्य अतिथि बीएसए अनिल कुमार और विशिष्ट अतिथि नायब तहसीलदार स्नेहा शुक्ला ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर शुरू किया। अनिल कुमार ने कहा कि दिव्यांग बच्चों को सशक्त बनाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कदम हैं।
स्नेहा शुक्ला ने कहा कि प्रशासन, शिक्षा विभाग और समाज के साथ मिलकर काम करें, तभी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद बच्चों तक पहुंचता है।
जिला समन्वयक (समेकित शिक्षा) विकास पाण्डेय ने शिविर की रूपरेखा बताई। उन्होंने कहा कि दिव्यांगता किसी बच्चे की प्रतिभा को नहीं रोकती। समय पर पहचान, दिव्यांग प्रमाण पत्र और यूडीआईडी कार्ड बनवाने के साथ अभिभावकों की जागरूकता से बच्चों को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सकता है।
खंड शिक्षा अधिकारी (करछना) केडी पाण्डेय ने आयोजन में सहयोग दिया। कार्यक्रम का संचालन भारतेन्दु त्रिपाठी ने किया। इस दौरान प्रधानाचार्य मनीष तिवारी, बृजेश कुमार सिंह, संतोष शुक्ला, मचकुंद मिश्रा, अभिषेक कुमार, त्रिवेणी शंकर और अनुराग आदि मौजूद थे।
