Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

भारत-नेपाल संबंधों का नया अध्याय

sv news


पीएम मोदी और बालेंद्र शाह की मीटिंग में 8 बड़े समझौते

नई दिल्ली। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह लगभग 25 घंटे की राजकीय यात्रा पर भारत आए और मंगलवार शाम अपने देश लौट गए। उनकी यह पहली विदेश यात्रा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई लगभग 100 मिनट की द्विपक्षीय बैठक ने दोनों देशों के बीच हाल के वर्षों में कमजोर पड़े भरोसे को फिर से मजबूत कर दिया है।

भारत ने बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित नेपाल के लिए 15 हजार करोड़ रुपये की विकास सहायता की घोषणा की। दोनों प्रधानमंत्रियों के समक्ष आठ महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर हुए, जबकि कुल 19 ऐसी घोषणाएं की गईं, जो सांस्कृतिक, आर्थिक, शैक्षणिक और कनेक्टिविटी संबंधों को और गहरा करेंगी। भविष्य की दिशा तय करने के लिए “विकसित भारत और समुनत नेपाल” का संयुक्त विजन दस्तावेज भी जारी किया गया।

मंगलवार सुबह राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री शाह का राजकीय स्वागत किया गया। उन्होंने राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। बाद में शाह ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध हिमालय की तरह अडिग हैं और समुद्र की तरह व्यापक हैं। उन्होंने भारत को नेपाल का एक भरोसेमंद और विश्वास्त पड़ोसी बताया तो पीएम मोदी ने दोनों देशों के रिश्ते को पड़ोस से कहीं ज्यादा गहरा बताया।

उन्होंने कहा, “भारत और नेपाल का रिश्ता केवल पड़ोस का नहीं, बल्कि अपनेपन और अटूट विश्वास का रिश्ता है। हमारी खुशियां साझी हैं और हमारी चुनौतियां भी। हम एक-दूसरे की प्रगति में साथी हैं और मुश्किल समय में एक-दूसरे का सहारा भी। हमारे पास स्पष्ट लक्ष्य हैं, आपसी विश्वास है और उन्हें साकार करने का सामर्थ्य भी है। सबसे बढ़कर हमारे साथ माता सीता, भगवान राम और भगवान बुद्ध के आशीर्वाद हैं। मुझे विश्वास है कि इसी भावना के साथ हम अपने साझा विजन को ठोस उपलब्धियों में बदलेंगे और साथ मिलकर भारत-नेपाल संबंधों का एक नया सुनहरा अध्याय लिखेंगे।” दोनों प्रधानमंत्रियों ने भारत और नेपाल के बीच सीमा विवाद से जुड़े मुद्दों पर भी बातचीत की।

बाद में दोनों देशों की तरफ से जारी संयुक्त घोषणा पत्र के अनुसार प्रधानमंत्री शाह ने रसुवा-भोटेकोशी बाढ़ के बाद भारत द्वारा दी गई मानवीय और तकनीकी सहायता की सराहना की। भारत ने नेपाल के विकास के लिए कुल 15,000 करोड़ रुपये (लगभग 24,000 करोड़ नेपाली रुपये) की सहायता की घोषणा की। इसमें बाढ़ के बाद पुनर्निर्माण और नई अवसंरचना परियोजनाओं के लिए 3,500 करोड़ रुपये की अनुदान सहायता तथा ऊर्जा क्षेत्र की परियोजनाओं के लिए 11,500 करोड़ रुपये की रुपया-मूल्य की ऋण रेखा शामिल है। दोनों नेताओं ने “विकसित भारत और समुनत नेपाल” का संयुक्त विजन अपनाया। यह दस्तावेज आर्थिक-विकास साझेदारी, कनेक्टिविटी, ऊर्जा, जल संसाधन, जन-जन संपर्क के साथ-साथ जलवायु सहनशीलता, आपदा प्रबंधन, खेल, स्टार्टअप, डिजिटल सेवाएं, अंतरिक्ष और नवाचार जैसे नए क्षेत्रों में सहयोग का रोडमैप देता है। पीएम शाह को नेपाल की युवा शक्ति का समर्थन है, इस बात का ख्याल पीएम मोदी ने भी रखा। इस बात का ऐलान हुआ कि भारत की आइआइटी नेपाल में अपनी शाखा खोलेगी।

यात्रा के दौरान आठ समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर हुए, जिनमें फॉरेंसिक साइंस, पुलिस अकादमी, सिविल सेवकों के क्षमता निर्माण, आयुर्वेद, सैटेलाइट कम्युनिकेशन, टिकाऊ शहरी विकास, स्वास्थ्य और पशुधन-मत्स्य विकास से जुड़े समझौते शामिल हैं। कनेक्टिविटी के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण फैसले हुए। काठमांडू-भैरहवा-लखनऊ हवाई मार्ग को द्विदिश बनाने पर सहमति बनी। नेपाल को कारोबार के लिए दीनदयाल बंदरगाह (कांडला) और बाद में पारादीप बंदरगाह की सुविधा देने की घोषणा की गई।

अयोध्या-जनकपुर के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस ट्रेन सेवा का उद्घाटन हुआ, जो रामायण सर्किट पर पर्यटन को बढ़ावा देगी। पीएम मोदी ने फिर इस बात को दोहराया कि, “नेपाल के बिना हमारे धाम अधूरे हैं, नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे हैं।” रक्सौल-काठमांडू इलेक्ट्रिफाइड ब्रॉडगेज रेलवे लाइन का फील्ड लोकेशन सर्वे पूरा होने की घोषणा हुई। बनबासा में नए इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट की आधारशिला रखी गई तथा धारचुला-दार्चुला के बीच नया सड़क पुल उद्घाटन किया गया।

ऊर्जा क्षेत्र में मोतीहारी-अमलेखगंज पाइपलाइन के दूसरे चरण को समर्पित किया गया। झापा में पेट्रोलियम टर्मिनल की आधारशिला रखी गई। 669 मेगावाट लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना की आधारशिला भी रखी गई। पंचेस्वर बहुउद्देश्यीय परियोजना के विस्तृत परियोजना रिपोर्ट को शीघ्र अंतिम रूप देने का निर्देश दिया गया।

भारत नेपाल में ऑफ-शोर आईआईटी कैंपस स्थापित करने पर सहमत हुआ। प्रधानमंत्री शाह ने भारत की गर्मजोशी भरी मेजबानी के लिए आभार व्यक्त किया और प्रधानमंत्री मोदी को नेपाल आने का निमंत्रण दिया। मोदी ने निमंत्रण स्वीकार कर लिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad