चाचा बोले- टॉर्चर करती थी, कहती थी, मरने के बाद ही मुझसे छूट पाओगे
प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज में महिला सिपाही के भाई अधिवक्ता पुष्पराज सिंह उर्फ विपिन की आत्महत्या के मामले में अब नया मोड़ आया है। उनके चाचा ने भतीजे की लिव-इन पार्टनर सोनम सिंह उर्फ नमिता सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। आरोप है कि वह उनके भतीजे को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करती थी।
उसकी कमाई अपने पास रखती थी और विरोध करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देती थी। इतना ही नहीं, कहती थी- 'मरने के बाद ही मुझसे छूट पाओगे, इसलिए तुम खुद ही मर जाओ।' परिजनों का दावा है कि लगातार मानसिक दबाव और प्रताड़ना से परेशान होकर ही पुष्पराज ने आत्मघाती कदम उठाया।
घरवालों से मिलने तक नहीं देती थी
फतेहपुर जिले के दमापुर गांव निवासी पुष्पराज सिंह उर्फ विपिन प्रयागराज के अल्लापुर में रहकर विधि व्यवसाय करते थे। उनकी दोस्ती फतेहपुर के बिंदकी क्षेत्र स्थित विक्रमपुर निवासी सोनम सिंह उर्फ नमिता सिंह से थी। दोनों अल्लापुर में साथ रहते थे।
पुष्पराज के चाचा राजेंद्र सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि सोनम उनके भतीजे को लगातार डराती-धमकाती और मानसिक रूप से प्रताड़ित करती थी। हालत यह थी कि पुष्पराज अपने घरवालों से ठीक से मिल भी नहीं पाते थे और न ही उनसे ज्यादा बातचीत कर पाते थे।
कमाई अपने पास रखती, विरोध करने पर फंसाने की धमकी
चाचा का आरोप है कि पुष्पराज जो भी कमाई करते थे, सोनम उसे अपने पास रख लेती थी। अगर वह इसका विरोध करते तो उन्हें फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जाती थी। पुष्पराज ने खुद अपने पिता और चाचा को इस बारे में बताया था।
परिजन उन्हें वापस घर आने के लिए समझा रहे थे, लेकिन सोनम के दबाव के कारण वह बेहद परेशान थे।
'खुद ही मर जाओ', लगातार देती थी उलाहना
राजेंद्र सिंह ने तहरीर में आरोप लगाया है कि सोनम पुष्पराज से अक्सर कहती थी कि 'मरने के बाद ही मुझसे छूट पाओगे, इसलिए तुम खुद ही मर जाओ।' चाचा के मुताबिक, पुष्पराज ने अपने साथ हो रही प्रताड़ना और इन धमकियों के बारे में परिवार को बताया था।
उनका आरोप है कि लगातार मानसिक उत्पीड़न, दबाव और आत्महत्या के लिए उकसाने वाली बातों के कारण पुष्पराज को जीवन में कोई दूसरा रास्ता नहीं दिखा।
15 नवंबर को फंदे पर लटका मिला था शव
पुष्पराज ने 15 नवंबर को अल्लापुर स्थित अपने आवास पर फंदे से लटककर जान दे दी थी। इसकी सूचना सोनम ने ही परिवार की एक महिला सदस्य को दी थी। जानकारी मिलने पर चाचा राजेंद्र सिंह प्रयागराज पहुंचे और आसपास के लोगों से घटना के बारे में जानकारी जुटाई।
इसके बाद उन्होंने जार्जटाउन थाने में शिकायत देकर सोनम के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है। अब पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।
