प्रयागराज (राजेश सिंह)। झूंसी स्थित सरोज विद्याशंकर इंटर कॉलेज में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का प्रारंभ भगवान गणेश एवं मां सरस्वती के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इस अवसर पर खेल प्रमुख आयुष कुमार श्रीवास्तव, उपप्रधानाचार्य राम सिंह यादव, प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार त्रिपाठी, असिस्टेंट लैंग्वेज हेड सुमन पांडेय, डिजिटल हेड शशांक त्रिपाठी एवं सांस्कृतिक प्रमुख जयद्रथ ने पूजन कर प्रतियोगिता के सफल आयोजन की कामना की । कार्यक्रम में वैष्णवी शुक्ला, श्रद्धा मिश्रा, प्रियांशी तिवारी, स्मृति शुक्ला एवं श्रेया शुक्ला ने सुमधुर स्वर में गणेश वंदना एवं सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके पश्चात प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार त्रिपाठी ने फीता काटकर कैरम, शतरंज, बैडमिंटन एवं गणित दौड़ प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर खेल प्रमुख आयुष कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेलों के माध्यम से विद्यार्थी विद्यालय स्तर से आगे बढ़कर तहसील, जिला, राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर अभ्यास, अनुशासन एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार त्रिपाठी ने कहा कि स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मन का निवास होता है। खेलकूद विद्यार्थियों के शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक क्षमता, एकाग्रता, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व कौशल को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कैरम, शतरंज, बैडमिंटन एवं गणित दौड़ जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के मनोरंजन के साथ-साथ बौद्धिक एवं मानसिक विकास को भी प्रोत्साहित करती हैं। कार्यक्रम के अंत में सांस्कृतिक प्रमुख जयद्रथ ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने, खेल भावना बनाए रखने एवं सफलता प्राप्त करने के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं । विद्यालय परिसर में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के शुभारंभ से विद्यार्थियों में उत्साह, उमंग एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना देखने को मिली। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने, आत्मविश्वास बढ़ाने एवं खेलों के प्रति रुचि विकसित करने का अवसर प्राप्त होगा।
