प्रयागराज (राजेश सिंह)। नेहरू ग्राम भारती मानित विश्वविद्यालय, प्रयागराज के शोध केंद्र, शशि परिसर स्थित अर्जुन सिंह सभागार में बुधवार, 25 नवंबर 2026 को प्री-पीएच.डी. कोर्स वर्क (CRET-2026) के अंतर्गत नवप्रवेशित पीएच.डी. शोधार्थियों के लिए इंडक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में बताैर मुख्य अतिथि इलाहाबाद विश्वविद्यालय के प्रो. बेचन शर्मा ने अपने उद्बाेधन में शोध के महत्व एवं अकादमिक दृष्टिकोण पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने शोध की व्यापकता एवं उसकी परिवर्तनकारी क्षमता को समझाते हुए शरीर में प्रोटीन के अणुओं की संरचना एवं कार्यप्रणाली में होने वाले परिवर्तनों का उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि जिस प्रकार HIV वायरस मानव शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली (Immune System) पर आक्रमण कर उसकी CD4 कोशिकाओं को प्रभावित करता है, उसी प्रकार शोध के क्षेत्र में भी स्थापित अवधारणाओं और पारंपरिक दृष्टिकोणों को नए वैज्ञानिक चिंतन एवं अनुसंधान के माध्यम से परिवर्तित किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि एक शोधकर्ता का कार्य केवल किसी समस्या का प्रत्यक्ष समाधान खोजना ही नहीं, बल्कि उसके प्रभावों को नियंत्रित करने, नई संभावनाएँ तलाशने और शोध के नए आयाम विकसित करने की दिशा में भी चिंतन करना है।
कार्यक्रम में अध्यक्षीय उद्बाेधन में कुलपति प्रो. बी. बी. तिवारी ने इंटरडिसिप्लिनरी रिसर्च ,मल्टीडिसिप्लिनरी रिसर्च, एवं ट्रांसडिसिप्लिनरी रिसर्च के महत्व को समझाते हुए शोधार्थियों को गंभीरता, मौलिक चिंतन एवं समर्पण के साथ शोध कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
प्रति कुलपति डॉ. एस. सी. तिवारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि शोध केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि निरंतर जिज्ञासा, सूक्ष्म अवलोकन, तार्किक चिंतन और नवीन विचारों की खोज का परिणाम है।
प्रो. आर. सी. त्रिपाठी ने प्री-पीएच.डी. कोर्स वर्क की रूपरेखा एवं शैक्षणिक उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। डॉ. आदि नाथ ने विश्वविद्यालय की शोध एवं विकास संबंधी गतिविधियों तथा डॉ. राजेश कुमार केसरवानी ने शोधार्थियों के लिए उपलब्ध शोध सहायता सुविधाओं की जानकारी दी।
सर्वप्रथम कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के सम्मान के साथ हुआ।डॉ. राजेश तिवारी ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का संचालन उप शाेध निदेशक डॉ माेनिका गुप्ता ने किया। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. स्वप्निल त्रिपाठी ने प्रस्तुत किया।
