Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

पंजा कुश्ती खिलाड़ी राखी निषाद की नन्दी ने 21 हजार रुपए की मदद


प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रतिभा, परिश्रम और हौसले के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुकी प्रयागराज की बेटी राखी निषाद अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। आर्थिक अभाव के कारण नेपाल में आयोजित होने जा रही एशिया-पैसिफिक आर्म रेसलिंग चैम्पियनशिप में प्रतिभाग करने से वंचित होने की आशंका अब समाप्त हो गई है। मातृशोक की घड़ी में भी उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री एवं प्रयागराज शहर दक्षिणी विधायक नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए राखी निषाद को 21 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई है, ताकि वह प्रतियोगिता में शामिल होकर प्रयागराज के साथ ही प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकें।

आर्थिक संघर्षों के बीच राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में गोल्ड मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकीं प्रयागराज के सदियापुर मोहल्ले की निवासी राष्ट्रीय पंजा कुश्ती खिलाड़ी राखी निषाद का चयन 29 से 31 दिसंबर तक नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित होने वाली एशिया-पैसिफिक आर्म रेसलिंग चैम्पियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ है। हालांकि, परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति के चलते उनके सामने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में शामिल होने का खर्च जुटाने की चुनौती खड़ी हो गई थी। राखी ने इसके लिए सहयोग की अपील भी की थी, लेकिन आर्थिक मदद नहीं मिल पाने के कारण उनका नेपाल जाना मुश्किल नजर आ रहा था।

इसी बीच राखी निषाद को जब औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी की माताजी के निधन की जानकारी हुई तो वह अपनी शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए बहादुरगंज स्थित उनके आवास पर पहुंचीं। यहां पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद जब उनकी मंत्री नन्दी से मुलाकात हुई तो उन्होंने आत्मीयता के साथ उनका कुशलक्षेम पूछा और स्वयं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए नेपाल जाने के संबंध में जानकारी ली।

राखी निषाद ने बताया कि मंत्री नन्दी ने उनसे पूछा कि क्या वह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए नेपाल जा रही हैं? इस पर उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड मेडल जीतने के बाद उनका चयन भारतीय टीम में हुआ है और 29 से 31 दिसंबर तक काठमांडू में होने वाली प्रतियोगिता में प्रतिभाग करना है। इसके लिए करीब 20 से 21 हजार रुपये की आवश्यकता है, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परेशानी हो रही है।

राखी की समस्या जानकर मंत्री नन्दी ने तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया और कहा कि वह नेपाल जरूर जाएंगी तथा अपनी प्रतिभा के दम पर प्रयागराज ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगी। इसके अगले ही दिन मंत्री नन्दी ने नन्दी सेवा संस्थान के सदस्यों एवं भाजपा पदाधिकारियों को राखी निषाद के घर भेजकर 21 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई, जिससे उनके अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का रास्ता साफ हो गया।

माताजी के निधन से शोकाकुल होने के बावजूद मंत्री नन्दी द्वारा अपनी विधानसभा क्षेत्र की प्रतिभावान बेटी की परेशानी को प्राथमिकता देते हुए तत्काल मदद पहुंचाए जाने से राखी निषाद भावुक हो उठीं। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में भी मंत्री नन्दी को अपनी इस बिटिया की समस्या का ध्यान रहा। उन्होंने जिस आत्मीयता के साथ उनकी परेशानी को समझा और तत्काल आर्थिक मदद उपलब्ध कराई, वह उनके लिए बेहद भावुक और प्रेरणादायी क्षण है।

मंत्री नन्दी ने कहा कि आर्थिक अभाव के कारण किसी प्रतिभा का सपना अधूरा रह जाए, यह ठीक नहीं है। प्रयागराज की बेटियों में प्रतिभा और आगे बढ़ने का अद्भुत जज्बा है। राखी निषाद को अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलना चाहिए। उन्हें विश्वास है कि राखी अपनी मेहनत और कौशल से प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करेंगी और प्रयागराज के साथ ही प्रदेश एवं देश का गौरव बढ़ाएंगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad