प्रयागराज में पहले उतरने वालों को बाहर निकाला, फिर बैरिकेडिंग से यात्रियों को बैठाया
प्रयागराज (राजेश सिंह)। छठ पूजा पर घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ प्रयागराज जंक्शन पर बढ़ने लगी है। शुक्रवार को स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल ने मोर्चा संभाला। प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी और धक्का-मुक्की न हो, इसके लिए जवानों ने यात्रियों को लाइन में लगवाकर ट्रेन में बैठाने की व्यवस्था की। ट्रेन के स्टेशन पर रुकते ही पहले उसमें सफर करके आए यात्रियों को नीचे उतारा गया। इसके बाद बाहर जाने वाले यात्रियों को लाइन से एक-एक करके ट्रेन में चढ़ाया गया।
यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से ट्रेन में बैठाने के लिए प्लेटफॉर्म पर बैरिकेडिंग भी की गई। बैरिकेडिंग के जरिए यात्रियों की अलग-अलग लाइन बनवाई गई, ताकि ट्रेन आने पर सभी लोग एक साथ चढ़ने की कोशिश न करें। आरपीएफ के जवान लगातार यात्रियों को दिशा-निर्देश देते रहे। इस व्यवस्था से ट्रेन में चढ़ने और उतरने के दौरान होने वाली धक्का-मुक्की को रोकने की कोशिश की गई।
छठ पूजा पर बिहार और पूर्वांचल की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण उत्तर मध्य रेलवे ने प्रयागराज जंक्शन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म पर आरपीएफ के जवान तैनात किए गए हैं। जवान स्टेशन परिसर से लेकर ट्रेनों तक लगातार गश्त कर रहे हैं।
इसी क्रम में शुक्रवार को आरपीएफ प्रभारी अमित मीणा के नेतृत्व में जवानों ने प्लेटफॉर्म नंबर एक, तीन और चार पर विशेष गश्त की। इस दौरान यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। संदिग्ध व्यक्तियों और उनकी गतिविधियों पर भी नजर रखी गई।
स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए आरपीएफ के वार रूम से भी लगातार निगरानी की जा रही है। स्टेशन के अलग-अलग हिस्सों में यात्रियों की आवाजाही पर नजर रखी जा रही है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
आरपीएफ जवान यात्रियों को जागरूक भी कर रहे हैं। उन्हें बताया जा रहा है कि स्टेशन या ट्रेन में कोई लावारिस सामान अथवा संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो तुरंत आरपीएफ या जीआरपी को सूचना दें। लावारिस सामान को खुद छूने या खोलने की कोशिश न करें।
