ऋषिकेश। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी मां सावित्री देवी के पार्थिव शरीर को कंधा दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मां के अंतिम दर्शन करके रो पड़े।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को अपनी मां सावित्री देवी को अंतिम विदाई देते समय भावुक हो गए। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल स्थित पैतृक गांव पंचूर में उन्होंने मां के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। मुख्यमंत्री कई बार रूमाल से आंसू पोंछते नजर आए। इसके बाद उन्होंने मां की अर्थी को कंधा दिया। अंतिम यात्रा पंचूर गांव से हरिद्वार के चंडीघाट के लिए पहुंची, यहां सावित्री देवी का अंतिम संस्कार किया गया। सीएम योगी के छोटे भाई ने मुखाग्नि दी।
सावित्री देवी का शुक्रवार को 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। मां के निधन की खबर मिलने के बाद से ही मुख्यमंत्री परिवार के बीच मौजूद थे। शनिवार को अंतिम दर्शन के दौरान वह कुछ देर तक मां के पार्थिव शरीर के पास खड़े रहे और एकटक उन्हें निहारते रहे। उन्होंने परिजनों और मां की देखभाल करने वालों से उनके अंतिम समय के बारे में भी जानकारी ली।
बताया गया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रातभर मां के पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे। इस दौरान उन्होंने अन्न-जल भी ग्रहण नहीं किया। शनिवार को मां की अंत्येष्टि और अन्य पारिवारिक रस्में पूरी करने के बाद उन्हें लखनऊ लौटना है।
अधिकारियों के मुताबिक, मुख्यमंत्री शनिवार दोपहर 2:15 बजे तक उत्तराखंड में रहेंगे। इसके बाद उन्हें लखनऊ के लिए रवाना होना था। लखनऊ में शाम 5:30 बजे से 6:45 बजे तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में आयोजित कौशल दीक्षांत समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शामिल होना था।
सावित्री देवी लंबे समय से बीमार चल रहीं थीं। पिछले तीन वर्षों से अधिक परेशानी होने के कारण उन्हें एक बार एम्स ऋषिकेश में और एक बार जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दोनों बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी मां को देखने अस्पताल पहुंचे थे।
योगी बीती 7 मई को पंचूर गांव पहुंचे थे और 8 मई को वापस चले गए थे। उस दौरान उन्होंने अपनी मां से अंतिम बार मुलाकात की थी। परिजनों के अनुसार सावित्री देवी का अंतिम संस्कार हरिद्वार स्थित चंडी घाट पर किया गया। यही पंचूर गांव का पैतृक घाट है।
सावित्री देवी के निधन की सूचना मिलते ही पंचूर गांव में नाते-रिश्तेदार उमड़ने लगे। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर पसर गई। वहीं, शाम को योगी भी गांव पहुंच गए। उन्होंने अपनी मां के अंतिम दर्शन किए। भावुक स्थिति में उन्होंने परिजनों से बातचीत की।
दूसरा बड़ा पारिवारिक दुख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए यह दूसरा बड़ा पारिवारिक दुख है। इससे पहले अप्रैल 2020 में उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन हुआ था। उस समय कोरोना महामारी के कारण लागू प्रतिबंधों और मुख्यमंत्री के दायित्वों के चलते वह पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके थे। गोरखनाथ मंदिर परिवार की ओर से भी सावित्री देवी के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। शुक्रवार को मंदिर परिसर में उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई और शोकसभा आयोजित की गई।
