लखनऊ। सातवें वेतनमान वाले कार्मिकों के महंगाई भत्ते में वृद्धि के बाद प्रदेश सरकार ने पांचवें और छठे वेतनमान वाले कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में भी बढ़ोतरी का आदेश जारी कर दिया है।
पांचवें वेतनमान वालों का डीए 14 प्रतिशत और छठे वेतनमान वाले कार्मिकों का डीए सात प्रतिशत बढ़ाया गया है। दोनों वेतनमान में कार्यरत कार्मिकों को नवंबर के वेतन के साथ बढ़ी दर से महंगाई भत्ते का नकद भुगतान किया जाएगा। एक जुलाई से 31 अक्टूबर तक देय डीए की धनराशि कार्मिकों के भविष्य निधि खाते में जमा की जाएगी।
पांचवें वेतनमान में कार्यरत राज्यकर्मियों का डीए जो अब तक 483 प्रतिशत था वह 14 प्रतिशत वृद्धि के साथ 497 प्रतिशत किया गया है। इसी प्रकार छठवें वेतनमान वाले कार्मियों का डीए जो 262 प्रतिशत था वह सात प्रतिशत वृद्धि के साथ 269 प्रतिशत हो गया है। पांचवें व छठवें वेतनमान में कार्यरत अधिकारियों व कर्मचारियों की कुल संख्या 25 से 30 हजार के बीच बताई जा रही है।
किसको मिलेगा लाभ?
डीए में हुई वृद्धि का लाभ पांचवें व छठवें वेतनमान में कार्यरत राज्य कर्मचारियों, सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थाओं के कार्मिकों, शहरी स्थानीय निकायों के नियमित एवं पूर्णकालिक कर्मचारियों, कार्य प्रभारित कर्मचारियों तथा यूजीसी वेतनमान में कार्यरत पदधारकों को मिलेगा।
प्रमुख सचिव वित्त आलोक कुमार द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि अधिकारियों व कर्मचारियों को बढ़ी दर से महंगाई भत्ते का भुगतान नवंबर माह के वेतन के साथ नकद किया जाएगा। एक जुलाई से 31 अक्टूबर तक की देय अवशेष धनराशि अधिकारी व कर्मचारी के भविष्य निधि खाते में जमा की जाएगी।
जो कर्मचारी भविष्य निधि खाते के सदस्य नहीं है उनकी अवशेष धनराशि उनके पीपीएफ में जमा कराई जाएगी अथवा एनएससी के माध्यम से दी जाएगी। राष्ट्रीय पेंशन योजना (एनपीएस) से आच्छादित कार्मिकों को देय महंगाई भत्ते की धनराशि के दस प्रतिशत के बराबर धनराशि कार्मिकों के टियर-एक पेंशन खाते में जमा की जाएगी तथा 14 प्रतिशत के बराबर धनराशि राज्य सरकार अथवा नियोक्ता द्वारा टियर-एक पेंशन में जमा की जाएगी।
