प्रयागराज (राजेश सिंह)। श्री बालाजी हॉस्पिटल, जीटी रोड हनुमानगंज में रविवार को निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सैकड़ों मरीजों का नेत्र परीक्षण, ब्लड प्रेशर, शुगर तथा दांतों से संबंधित स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। इस दौरान जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क चश्मा एवं दवाइयां भी वितरित की गईं।
संस्थान के निदेशक डॉ. जीएस दुबे ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के 40 से 80 वर्ष तक के लोगों को शिविर के माध्यम से निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में आंखों की जांच के साथ दांत एवं मसूड़ों से संबंधित समस्याओं, पायरिया तथा अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का परीक्षण कर मरीजों को उचित सलाह दी गई। वृद्ध महिलाओं एवं बुजुर्गों को विशेष रूप से निःशुल्क चश्मा प्रदान किया गया।
डॉ. जीएस दुबे ने कहा कि श्री बालाजी हॉस्पिटल का उद्देश्य निरंतर ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। संस्थान मानव सेवा को ही ईश्वर सेवा मानते हुए समय-समय पर ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन करता रहेगा, जिससे जरूरतमंद लोगों को उपचार एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।
शिविर में मरीजों ने अस्पताल की चिकित्सकीय टीम एवं प्रबंधन की सराहना करते हुए इस पहल को जनहित में सराहनीय बताया। इस अवसर पर डॉ. अंकित दुबे, आशीष यादव, सुनील पांडेय, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. ऋचा यादव सहित अस्पताल के कर्मचारी एवं चिकित्सक उपस्थित रहे।
