प्रयागराज (राजेश सिंह)। सेंट्रल एकेडमी पैरंट्स प्राइड के प्रांगण में दादा-दादी दिवस (धरोहर) बड़े हर्षोल्लास, उत्साह एवं सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सेंट्रल एकेडमी विद्यालय समूह की अध्यक्षा श्रीमती लक्ष्यजया मिश्रा, निदेशक श्री एस.के. तिवारी तथा पैरंट्स प्राइड विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती दीप्ति मिश्रा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में बच्चों ने विविध सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों में भारतीय संस्कृति, पारिवारिक संस्कारों तथा दादा-दादी के प्रति सम्मान और प्रेम की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में बच्चों की प्रतिभा, उत्साह और मंच पर आत्मविश्वास की सभी ने सराहना की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रयागराज के पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत वर्मा ने बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज के दौर में बच्चों को कृत्रिम दुनिया और मोबाइल की बढ़ती निर्भरता से दूर रहकर वास्तविक जीवन के रिश्तों, संस्कारों और अपनी संस्कृति से जुड़े रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और पारिवारिक परंपराओं को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाने में दादा-दादी एवं बुजुर्गों का महत्वपूर्ण योगदान होता है। उनके अनुभव, संस्कार और जीवन मूल्य बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं।
विद्यालय समूह की अध्यक्षा श्रीमती लक्ष्यजया मिश्रा ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अभिभावकों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए बच्चों की प्रस्तुतियों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी पारिवारिक धरोहर, संस्कार और संस्कृति से जोड़ने के साथ-साथ बुजुर्गों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में काशी प्रांत विश्व हिंदू परिषद के प्रमुख श्री शंकर देव त्रिपाठी, उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष श्री एस.पी. तिवारी, सेंट्रल एकेडमी के प्रधानाचार्य श्री ए.के. पांडेय तथा सेंट्रल एकेडमी सराय इनायत की प्रधानाचार्या श्रीमती ऋचा त्रिपाठी सहित विद्यालय परिवार, अभिभावक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। इस आयोजन ने दादा-दादी के स्नेह, पारिवारिक एकता, संस्कार और भारतीय सांस्कृतिक विरासत के महत्व का सुंदर संदेश दिया।
