प्रयागराज (राजेश सिंह)। लाला मनमोहन दास इंटर कॉलेज, प्रयागराज में दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता उत्साह एवं उमंग के साथ आयोजित की गई। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने दौड़, भाला फेंक, वॉलीबॉल एवं कबड्डी सहित विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया।
800 मीटर दौड़ में जूनियर बालिका वर्ग में राधिका कश्यप, सीनियर बालिका वर्ग में सौम्या गिरी तथा सीनियर बालक वर्ग में हिमांशु बिंद ने प्रथम स्थान हासिल किया। 100 मीटर दौड़ सहित अन्य दौड़ प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। भाला फेंक में कक्षा 11-12 बालिका वर्ग में सौम्या गिरी तथा कक्षा 9-10 वर्ग में प्रीति निषाद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
वॉलीबॉल बालक वर्ग में रेड हाउस विजेता और ब्लू हाउस उपविजेता रहा, जबकि बालिका वर्ग में येलो हाउस विजेता तथा रेड हाउस उपविजेता बना। कबड्डी बालक वर्ग में ग्रीन हाउस और बालिका वर्ग में ब्लू हाउस ने विजेता का खिताब हासिल किया। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन के आधार पर रेड हाउस ने ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, शारीरिक विकास एवं टीम भावना को प्रोत्साहित करना रहा। समापन पर विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों एवं विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
