लखनऊ/प्रयागराज (राजेश सिंह)। विदेशों में रह रहे भारतीय नागरिक भी प्रदेश की मतदाता सूची में नाम दर्ज कराकर विधानसभा चुनाव में मतदान कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें फॉर्म-6ए भरकर प्रवासी भारतीय निर्वाचक के रूप में पंजीकरण कराना होगा। शर्त यह है कि आवेदक भारतीय नागरिक हों और उन्होंने किसी अन्य देश की नागरिकता ग्रहण न की हो।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि प्रवासी भारतीय नागरिक ऑनलाइन, ऑफलाइन या डाक के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आवेदक की आयु एक जनवरी, 2027 को 18 वर्ष पूरी होनी चाहिए। उनका नाम उसी विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज होगा, जहां का पता उनके भारतीय पासपोर्ट में दर्ज है।
ऑनलाइन आवेदन निर्वाचन आयोग के पोर्टल (voters.eci.gov.in) या ईसीआईनेट मोबाइल एप से किया जा सकता है। इसके साथ पासपोर्ट आकार की रंगीन फोटो और भारतीय पासपोर्ट की स्वप्रमाणित प्रतियां लगानी होंगी। ऑफलाइन आवेदन में संबंधित ईआरओ कार्यालय में फार्म-6ए के साथ पासपोर्ट की प्रतियां जमा करने के अलावा मूल पासपोर्ट भी दिखाना होगा। डाक से आवेदन करने पर भी फोटो और पासपोर्ट की स्वप्रमाणित प्रतियां भेजनी होंगी।
छह महीने में 590 प्रवासी मतदाता बढ़े
प्रवासी भारतीय मतदाताओं को मतदाता फोटो पहचान पत्र जारी नहीं किया जाता है। मतदान के दिन मतदान केंद्र पर उनकी पहचान मूल भारतीय पासपोर्ट से ही होगी। इसलिए मतदान के लिए मूल पासपोर्ट साथ ले जाना अनिवार्य है। भारत लौटकर सामान्य रूप से रहने की स्थिति में संबंधित ईआरओ को सूचना देनी होगी। भारत लौटने पर फॉर्म-6 के माध्यम से सामान्य मतदाता के रूप में पंजीकरण कराया जा सकेगा।
एसआइआर के बाद इस वर्ष 10 अप्रैल को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में 3625 प्रवासी भारतीय मतदाता थे। इनमें 3035 पुरुष और 590 महिलाएं थीं। वहीं, 17 नवंबर को प्रकाशित मतदाता सूची में इनकी संख्या बढ़कर 4215 हो गई है। इनमें 3492 पुरुष और 723 महिलाएं शामिल हैं। इस तरह छह महीने में 590 प्रवासी मतदाता बढ़े हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान कुछ प्रवासी भारतीयों के गणना प्रपत्र उनके परिवार के सदस्यों ने भरकर और हस्ताक्षर कर जमा किए हैं। ऐसे लोगों से सामान्य मतदाता के बजाय प्रवासी भारतीय निर्वाचक के रूप में नाम दर्ज कराने की अपील की गई है। इसके लिए 16 दिसंबर तक चलने वाली दावा-आपत्ति अवधि में मतदाता पहचान पत्र जमा कर फार्म-6ए से आवेदन करना होगा। सामान्य मतदाता के रूप में गलत जानकारी या गलत घोषणा कर नाम दर्ज कराने पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
