Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

एडिशनल कमिश्नर जयजीत कौर का स्थानांतरण

 

sv news

प्रयागराज (राजेश सिंह)। प्रयागराज मंडल में अपर आयुक्त (न्यायिक) के पद पर तैनात जयजीत कौर होरा का तबादला कर दिया गया है। उन्हें लखनऊ स्थित भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय में कुलसचिव और संस्कृति निदेशालय में अपर निदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रयागराज में तैनाती के दौरान जुलाई 2026 में वह उस समय चर्चा में आई थीं, जब उनके कार्यालय में घुसकर गाली-गलौज और धमकी देने का मामला सामने आया था।

इस मामले में उन्होंने हंडिया निवासी पवन कुमार विश्वकर्मा और उसके साथियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। कर्नलगंज पुलिस ने 27 जुलाई को एक नामजद और 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की थी।

जयजीत कौर होरा की शिकायत के मुताबिक, 17 जुलाई को सुबह करीब 11 बजे पवन विश्वकर्मा 10 से 12 साथियों के साथ उनके कार्यालय पहुंचा था। आरोप है कि उसने एक विचाराधीन मामले में अपने पक्ष में फैसला देने का दबाव बनाया।

इस पर महिला अधिकारी ने स्पष्ट किया कि फैसला मामले की मेरिट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही किया जाएगा। आरोप है कि इससे नाराज होकर पवन और उसके साथियों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।

शिकायत में आरोप लगाया गया कि पवन और उसके साथियों ने जयजीत कौर को जान से मारने और प्रयागराज में नहीं रहने देने की धमकी दी। आरोपियों ने कमिश्नर कार्यालय परिसर में नारेबाजी भी की थी। इससे कुछ देर तक सरकारी कामकाज प्रभावित हुआ।

इसके बाद महिला अधिकारी की शिकायत पर कर्नलगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपी पवन विश्वकर्मा का एक वीडियो भी सामने आया था। इसमें उसने महिला अधिकारी पर ही आरोप लगाए थे। उसका दावा था कि एक मामले में उनके खिलाफ जांच बैठवाने के कारण उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया।

पवन ने अधिकारी के एक कर्मचारी पर रिश्वत लेने का आरोप भी लगाया था। उसने दावा किया था कि घटना वाले दिन वह अकेले कार्यालय गया था और सीसीटीवी फुटेज से इसकी पुष्टि हो सकती है। हालांकि, उसके आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई थी।

शासन की ओर से किए गए प्रशासनिक फेरबदल में जयजीत कौर होरा को लखनऊ भेजा गया है। अब वह भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय में कुलसचिव के साथ संस्कृति निदेशालय में अपर निदेशक की जिम्मेदारी भी संभालेंगी। उनका प्रयागराज से स्थानांतरण प्रशासनिक फेरबदल के तहत किया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad