पत्नी-बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल, मंगलवार को जंगल में मिला था शव
प्रयागराज (राजेश सिंह)। सिक्किम में ड्यूटी के दौरान लापता हुए प्रयागराज के आइटीबीपी जवान अनिल कुमार पाल का पार्थिव शरीर मिलने के बाद शुक्रवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया। थरवई थाना क्षेत्र के मदारपुर गांव निवासी 30 वर्षीय जवान को हेतापट्टी घाट पर नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई।
इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के लोग मौजूद रहे। सभी ने भारत माता के वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके बलिदान को नमन किया।
फूलपुर विधायक दीपक पटेल हेतापट्टी घाट पहुंचे और शहीद जवान के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और परिजनों को ढांढस बंधाया।
विधायक मीडिया प्रभारी उमेश तिवारी ने बताया कि विधायक दीपक पटेल ने कहा कि मां भारती की सेवा में अनिल कुमार पाल का समर्पण और योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। देश की रक्षा के लिए उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।
फूलपुर विधायक दीपक पटेल हेतापट्टी घाट पहुंचे और शहीद जवान के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
दीपावली से लापता थे अनिल, मंगलवार को जंगल में मिला शव
मदारपुर गांव निवासी अनिल कुमार पाल (30) पुत्र जवाहर लाल पाल आइटीबीपी की 11वीं बटालियन में तैनात थे। वर्तमान में उनकी पोस्टिंग सिक्किम में थी। परिजनों के मुताबिक, वह दीपावली के दिन से लापता थे। उनकी तलाश में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। मंगलवार को सिक्किम के जंगल में उनका शव मिला। जवान की मौत की सूचना गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
चार बहनों के इकलौते भाई थे अनिल, दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
अनिल अपने परिवार में चार बहनों के इकलौते भाई थे। उनके परिवार में पत्नी अल्पना, एक बेटी और एक बेटा हैं। मां केवला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। अनिल ही परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। जवान की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया, वहीं पत्नी और मां ने अपना सहारा खो दिया।
गांव में पसरा मातम, अंतिम दर्शन के लिए उमड़े लोग
अनिल की मौत की खबर के बाद से ही मदारपुर गांव में रिश्तेदारों और ग्रामीणों का पहुंचना जारी रहा। शुक्रवार को अंतिम संस्कार के दौरान माहौल गमगीन रहा। हर आंख नम थी और लोगों ने नम आंखों से वीर जवान को अंतिम विदाई दी। देश की सेवा में समर्पित अनिल कुमार पाल की शहादत को क्षेत्र के लोग हमेशा याद रखेंगे।
