प्रयागराज (राजेश सिंह)। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर के द्वारा उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चैहान एवं सदस्य गीता विश्वकर्मा की उपस्थिति में गुरूवार सर्किट हाउस में महिला जनसुनवाई की। जनसुनवाई के दौरान आयोग के समक्ष पूर्व से पंजीकृत 30 शिकायतों तथा मौके पर प्राप्त 20 शिकायतों सहित कुल 50 मामलो की सुनवाई की गयी। अध्यक्ष ने जनसुनवाई के दौरान महिलाओं की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर दो गंभीर मामलों में राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए शीघ्र कार्रवाई की गई। माननीय अध्यक्ष ने एक नाबालिग से संबंधित पॉक्सो अधिनियम के अंतर्गत आने वाले मामले तथा एक अपहरण के मामले में तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए, ताकि पीड़िताओं को शीघ्र न्याय मिल सके और दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय महिला आयोग महिलाओं के अधिकारों की रक्षा, उनकी सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने तथा उन्हें न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। आयोग का निरंतर प्रयास है कि महिलाओं की शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई हो तथा उन्हें न्याय प्राप्त करने के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराया जाए।
अध्यक्ष ने सभी संवेदनशील मामलों को गंभीरता से सुनतेे हुए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को समन्वय बनाते हुए प्रकरणों का शीघ्रता से निस्तारण कराये जाने के लिए कहा है। उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों को महिलाओं से जुड़ी शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ कार्यवाही किए जाने के लिए कहा है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने के लिए जनसुनवाई कार्यक्रम आगे भी लगातार जारी रहेंगे। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनीता सिंह, प्रोबेशन अधिकारी सर्वजीत सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी दिनेश सिंह सहित अन्य सम्बंधित विभागोें के अधिकारी उपस्थित रहे।
