Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित हुए प्रयागराज के नए पुलिस कमिश्नर

sv news

प्रयागराज (राजेश सिंह)। करीब तीन दशक तक पुलिस सेवा में अलग-अलग चुनौतियों का सामना करने वाले 1997 बैच के IPS अधिकारी मोहित अग्रवाल के खाते में एक और उपलब्धि जुड़ गई है। प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल को IIM मुंबई ने प्रतिष्ठित Distinguished Alumni Award से सम्मानित किया है। उनकी इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी बधाई दी। शनिवार को वाराणसी दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं उन्हें सम्मान स्वरूप शील्ड भेंट की।

आईआईएम मुंबई की ओर से 14 नवंबर को आयोजित समारोह में मोहित अग्रवाल को यह पुरस्कार प्रदान किया गया था। जनसेवा, उत्कृष्ट व्यावसायिक दक्षता और राष्ट्र निर्माण में उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना गया। इसके 14 दिन बाद मुख्यमंत्री ने उनका अभिनंदन करते हुए शील्ड भेंट की।

तीन दशक की सेवा, यूपी के 15 जिलों में रहे पुलिस प्रमुख

मोहित अग्रवाल 1997 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। करीब तीन दशक के सेवाकाल में उन्होंने पुलिस नेतृत्वकर्ता और कुशल प्रशासक के रूप में पहचान बनाई है। वह उत्तर प्रदेश के 15 जनपदों में पुलिस प्रमुख के रूप में जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वर्ष 2005-2006 में उन्होंने संयुक्त राष्ट्र में भी एक साल तक सेवाएं दी थीं।

एटीएस प्रमुख रहते ISIS मॉड्यूल का किया था पर्दाफाश

वर्ष 2023-2024 में उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) के प्रमुख रहते हुए उन्होंने आईएसआईएस से जुड़े एक आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रयागराज में 2013 और 2019 में आयोजित कुंभ मेले के सफल आयोजन में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।

ऑपरेशन मासूम में 23 बच्चों को कराया था मुक्त

कानपुर में तैनाती के दौरान मोहित अग्रवाल ने ऑपरेशन मासूम का नेतृत्व किया था। इस अभियान में एक अपराधी ने 23 बच्चों को बंधक बना लिया था। पुलिस की प्रभावी कार्रवाई में सभी बच्चों को सकुशल मुक्त कराया गया और अपराधी को मार गिराया गया। इस अभियान में साहसिक नेतृत्व के लिए उन्हें राष्ट्रपति का पुलिस वीरता पदक प्रदान किया गया था।

इसके अलावा कानपुर के चर्चित बिकरू कांड से जुड़े दो अपराधियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई में भी उनकी भूमिका रही। पुलिस सेवा में साहस और विशिष्ट योगदान के लिए उन्हें राष्ट्रपति का विशिष्ट सेवा पुलिस पदक, राष्ट्रपति का सराहनीय सेवा पुलिस पदक और केंद्रीय गृह मंत्री का अति उत्कृष्ट सेवा पदक भी मिल चुका है।

पुलिस के तकनीकी आधुनिकीकरण में भी दिया योगदान

मोहित अग्रवाल ने उत्तर प्रदेश पुलिस के कम्प्यूटरीकरण और तकनीकी आधुनिकीकरण की दिशा में भी काम किया है। पुलिस व्यवस्था में तकनीक के इस्तेमाल और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने में उनके योगदान को भी उनकी उपलब्धियों में शामिल किया जाता है। आईआईएम मुंबई का विशिष्ट पूर्व छात्र सम्मान उनके लंबे सेवाकाल और लोकसेवा में योगदान के लिए दिया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad