प्रयागराज (राजेश सिंह)। मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। दिन में भले ही धूप निकलने से कुछ राहत मिल रही हो, लेकिन रात के तापमान में आई पांच डिग्री की गिरावट ने ठंड का अहसास बढ़ा दिया है। सोमवार तक जिस न्यूनतम तापमान में हल्की गर्माहट बनी हुई थी, वह मंगलवार को अचानक नीचे आ गया।
सुबह और रात की ठंड बढ़ी
सोमवार को न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि मंगलवार को यह गिरकर 14.5-14.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। एक ही दिन में तापमान में करीब पांच डिग्री की गिरावट से सुबह और रात की ठंड बढ़ गई है।
नवंबर के अंत में ठंड में और वृद्धि होगी
मौसम विभाग के अनुसार नवंबर का अंतिम सप्ताह प्रयागराज में ठंड को और मजबूत करेगा। अगले छह दिनों में न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे घटकर 12 से 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं अधिकतम तापमान में भी गिरावट के संकेत हैं।
सुबह कोहरा छाएगा, दिन में धूप निकलेगी
फिलहाल दिन का अधिकतम तापमान 27 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है, लेकिन 28 नवंबर से इसमें कमी आने लगेगी और 29-30 नवंबर तक अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इससे दिन में भी पहले जैसी गर्माहट नहीं रहेगी। मौसम विभाग ने अगले सात दिनों तक सुबह के समय कोहरा या धुंध छाए रहने का पूर्वानुमान जताया है। हालांकि दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ होने और धूप निकलने की संभावना है।
सुबह धुंध व रात की ठंड बढ़ेगी
आज मंगलवार सुबह आर्द्रता 84 प्रतिशत दर्ज की गई। अधिक नमी और कम हो रही रात के तापमान के कारण सुबह ठंड का अहसास ज्यादा रहा। मौसम के इस बदलाव के साथ ही लोगों को अब सुबह और रात में गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस होने लगी है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार खासकर बच्चों और बुजुर्गों को तापमान में अचानक आए बदलाव से बचाव करना होगा। कुल मिलाकर नवंबर के आखिरी दिनों में प्रयागराज में सर्दी धीरे-धीरे अपना असर बढ़ाने जा रही है। दिन की धूप की गर्माहट कम होगी और सुबह की धुंध के साथ ठंडी रातें सर्दी बढ़ाएगी।

