विद्यार्थियों को दिए गए यातायात नियमों के पालन के संदेश
प्रयागराज (राजेश सिंह)। सेंट जॉन्स एकेडमी, करछना में शुक्रवार को सड़क सुरक्षा सप्ताह का आयोजन किया गया।इस अवसर पर ए.आर.टी.ओ. मिथलेश सिंह ने विद्यार्थियों एवं विद्यालय के समस्त बस ड्राइवर व क्लीनर को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों का पालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के प्रयोग, पैदल चलते समय सावधानी तथा सड़क पार करते समय सतर्कता बरतने के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और अपने परिवार एवं समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने बस ड्राइवर एवं क्लीनर को भी बच्चों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए नियमों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया।
विद्यालय के निदेशक सी. वी. इनिस एवं डी. इनिस तथा प्रधानाचार्य डॉ. जरीन रिजवी ने विद्यार्थियों को सुरक्षित सड़क - सुरक्षित कल के संदेश के साथ अनुशासित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विद्यालय का पूरा स्टाफ एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
