Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

एनआइए ने 2019 से अब तक 36 देशों से 303 भगोड़ों को भारत लाया गया

sv news

नई दिल्ली। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) के महानिदेशक राकेश अग्रवाल ने शुक्रवार को बताया कि वर्ष 2019 से अब तक 36 देशों से 303 भगोड़ों को भारत वापस लाया गया है। इनमें 72 भगोड़े इस साल अब तक भारत लाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि विदेशों में छिपे अपराधियों की वापसी के प्रयासों में लगातार सुधार हो रहा है और हर साल इनकी संख्या बढ़ रही है। वह दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय छठे आतंकवाद निरोधक सम्मेलन के समापन के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

राकेश अग्रवाल ने बताया कि इस बार सम्मेलन का मुख्य विषय सीमा पार आतंकवाद था। वर्ष 2025 से सम्मेलन को दो हिस्सों में आयोजित किया जा रहा है। पहले सत्र में आतंकवाद से निपटने की नीति और रणनीति, जबकि दूसरे में जांच और अभियोजन के व्यावहारिक पहलुओं पर चर्चा होती है।

इस वर्ष दूसरे सत्र का विषय आतंकवादी मामलों का अभियोजन रहा। इसमें आरोपपत्र दाखिल होने के बाद अदालतों में प्रभावी पैरवी और मुकदमों के शीघ्र निपटारे पर जोर दिया गया। उन्होंने राज्यों के आतंकवाद निरोधक दस्तों (एटीएस) को मजबूत करने और स्थानीय पुलिस थानों को सुरक्षा तंत्र से जोड़ने की जरूरत पर भी बल दिया।

दो दिवसीय सम्मेलन में सीमा पार आतंकवाद, कट्टरपंथ, आतंकी वित्तपोषण, संगठित अपराध और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर चर्चा हुई। सम्मेलन का उद्घाटन 19 नवंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किया था।

एनआइए ने हासिल की 93 प्रतिशत दोषसिद्धि दर

राकेश अग्रवाल के अनुसार, एनआइए ने 2026 में अब तक 93 प्रतिशत दोषसिद्धि दर हासिल की है। अदालतों में फैसला सुनाए गए 29 मामलों में से 27 में 123 आरोपितों को दोषी ठहराया गया। इनमें 10 को मृत्युदंड और 14 को उम्रकैद की सजा मिली। एजेंसी ने इस वर्ष अब तक 82 मामले दर्ज किए हैं और 53 प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से 5,800 पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षित किया है।

पहलगाम हमले में मिले कैमरे पर चीन के जवाब का इंतजार

पहलगाम आतंकी हमले में शामिल आतंकियों से बरामद अमेरिकी कंपनी गोप्रो के कैमरे को लेकर चीन ने भारत के अनुरोध का अब तक जवाब नहीं दिया है। अग्रवाल ने कहा कि जांचकर्ताओं को कुछ फारेंसिक साक्ष्य मिले हैं। अमेरिकी निर्माता गोप्रो ने जानकारी दी थी कि कैमरा चीन के एक अधिकृत व्यावसायिक वितरक को भेजा गया था। अब जांच इस बात पर केंद्रित है कि यह कैमरा चीन से पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों तक कैसे पहुंचा।

फ्लाईदुबई पायलट मामले में यूएई से जवाब का इंतजार

एनआइए प्रमुख ने फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट स्मित मच्छर से जुड़े मामले की जांच को एजेंसी के कानूनी अधिकार क्षेत्र में बताया। उन्होंने कहा कि मामले में भारतीय नागरिक और देश के हित शामिल हैं।

एनआइए ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को पारस्परिक कानूनी सहायता संधि (एमएलएटी) के तहत अनुरोध भेजा है और जवाब की प्रतीक्षा है। गौरतलब है कि 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 के काकपिट में सह-पायलट ने भारतीय कप्तान पर हमला किया था।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad