महिलाओं से लेकर युवाओं तक इन वादों पर रहेगा फोकस
लखनऊ। विधानसभा चुनाव से पहले एक-एक कर वादों का पिटारा खोल रहे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव गुरुवार को संविधान दिवस पर सपा का चुनावी घोषणापत्र जारी करेंगे। सपा ने इसे ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’ और ‘पीडीए का प्रणपत्र’ नाम दिया है।
इस तारीख और नाम के जरिये पार्टी की सामाजिक न्याय के अपने राजनीतिक विमर्श को संविधान और जन आकांक्षाओं से जोड़ने की कोशिश है। सपा प्रमुख महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये देने जैसी कई घोषणाएं पहले ही कर चुके हैं। अब सबकी निगाहें इस पर हैं कि पीडीए की राजनीतिक अवधारणा को सपा किन ठोस नीतियों, कल्याणकारी योजनाओं और रोजगार संबंधी वादों में बदलती है।
पिछले कुछ महीनों में सपा प्रमुख द्वारा स्त्री समृद्धि योजना, आउटसोर्सिंग व्यवस्था खत्म कर पक्की नाैकरी, पुरानी पेंशन योजना लागू करने, भर्तियों में पूरा आरक्षण, गन्ना किसानों को 24 घंटे में भुगतान आदि वादे पहले ही किए जा चुके हैं। सपा ने वर्ष 2022 में अपने घोषणापत्र में 300 यूनिट मुफ्त बिजली, किसानों की कर्जमाफी, लैपटॉप वितरण जैसे वादे किए थे।
ये भी बरकरार रह सकते हैं। इनके अलावा अखिलेश गोमती रिवरफ्रंट पर दो दर्जन से अधिक महापुरुषों की प्रतिमाएं लगवाने की भी घोषणा चुके हैं। घोषणापत्र के जरिए महिलाओं, युवाओं, किसानों और कर्मचारियों के बीच भरोसा बढ़ाने की कोशिश होगी।
सपा के वादों को भाजपा की लाभार्थी राजनीति के मुकाबले पर भी देखा जाएगा। दूसरी तरफ सपा ने हर जिले के लिए अलग से घोषणा पत्र जारी करने का भी वादा किया है। हालांकि जिलेवार घोषणापत्रों के बाद में जारी होने कही संभावना जताई जा रही है।
