Ads Area

Aaradhya beauty parlour Publish Your Ad Here Shambhavi Mobile Aaradhya beauty parlour

बैरक में गर्दन पर चढ़ जाते थे बिच्छू: आजम खां

sv news

 चुनाव से पहले भावुक बयानों से हमदर्दी बटोर रहे आजम, पुराने वीडियो ने बढ़ाई मुश्किल

रामपुर। प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले सपा नेता मोहम्मद आजम खां जेल से बाहर आ गए हैं। चार चरणों में लगभग पांच वर्ष जेल में बिताई गई अवधि को आजम हमदर्दी बटोरने का हथियार बना रहे हैं। जेल में गर्दन पर चढ़ जाते थे बिच्छू, मुस्लिम होकर शिक्षा का मंदिर बनाने की मिल रही सजा, जैसे डायलाग चर्चा में हैं।

हालांकि, कुछ लोग मंत्री रहते हुए रौब के साथ लोगों को गाली-गलौज करने वाले उनके पुराने वीडियो भी प्रसारित करने लगे हैं। लोग इन वीडियो पर खूब चुटकी ले रहे हैं।

सपा नेता मोहम्मद आजम खां राजनीति के एक मंझे खिलाड़ी हैं। आपदा में अवसर तलाशने की कला में माहिर हैं। अलग-अलग मामलों में वह चार बार जेल गए, जहां उन्होंने पांच वर्ष से अधिक समय व्यतीत किया है।

अब चुनाव से पहले हाई कोर्ट के आदेश पर जेल से रिहा होकर रामपुर आ गए हैं। अब वह अलग-अलग मीडिया चैनलों पर साक्षात्कार दे रहे हैं। इस दौरान वह जेल में बिताई गई अवधि के वृत्तांत कुछ इस तरह सुना रहे हैं जैसे कि उनके साथ अंग्रेजों के दौर वाली बर्बरता हुई हो।

एक साक्षात्कार में वह कहते हैं ‘जेल की बैरक में मैं अपने बेटे के साथ फर्श पर अकेला लेटता था। कभी-कभी गर्दन पर बिच्छू चढ़ जाते थे, जिसे झटककर फेंकने के बाद रात इस बेचैनी में गुजरती थी कि कहीं बिच्छू बेटे को न काट ले।’

शाम छह बजे से सुबह तक हमें बैरक में बंद रखा जाता था। बेटा पूछता था, क्या बब्बा हम कभी बाहर निकल पाएंगे। उसके सवाल हमारे दिल पर खंजर की तरह उतर जाते थे।’

यूनिवर्सिटी के अवैध घोषित भवनों को ढहाने के आदेश पर भी वह अपने पक्ष में माहौल बनाते दिखते हैं। कहते हैं कि, ‘मैं चाहता ही नहीं हूं कि यूनिवर्सिटी रहे, आरडीए कह रहा है कि हम सारी इमारतें गिरा देंगे। जब नाइंसाफी का ये आलम हो तो मैं अपील वापस ले रहा हूं।

दिखाइए पूरी दुनिया को कि क्या होता है शिक्षा के मंदिर के साथ। अपनी जिंदगी में ये भविष्यवाणी कर रहा हूं कि इसके खंडहरात को देखने सारी दुनिया के लोग उसी तरह आएंगे जिस तरह रोमन अंपायर के खंडहरात देखने आते हैं।’

वह यहीं नहीं रुकते अपने घर पर बुलडोजर न चलने की वजह तंग गली को ठहराते हैं। कहते हैं कि तंग गली में बुलडोजर पहुंच ही नहीं सकता, इसलिए बच गया। इसके जरिये वह समाज में अपनी सामान्य आर्थिक स्थिति और ईमानदार छवि की छाप छोड़ने का पैतरा आजमाते हैं।

उनका हर वक्तव्य ‘कहीं पर निगाहें, कहीं पर निशाना’ लगाता दिख रहा है। ‘इंकलाब होगा-सैलाब आएगा’ जैसे डायलाग के जरिये वह समर्थकों में जोश भरते हैं और फिर खुद के खिलाफ हुई कार्रवाई को नाइंसाफी की इंतिहा बताने में लग जाते हैं।

उनके साथ सियासत में रहे लोगों का कहना है कि उन्हें अपने समर्थकों की नब्ज थामना बखूबी आता है। समाज में अपने प्रति हमदर्दी जगाकर वह इसका लाभ विधानसभा चुनाव में उठाएंगे। उनके निशाने पर पश्चिम उप्र के मुसलमान हैं।

हालांकि, कुछ लोग आजम के मंत्री रहने के दौरान उनके कुछ वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर रहे हैं, जिनमें वह गाड़ी में बैठे-बैठे ट्रैक्टर चालक को भरपूर गालियां बक रहे हैं। इस पर लोग खूब चुटकियां ले रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Top Post Ad