प्रयागराज (राजेश सिंह)। विधानसभा चुनाव मे कौशांबी जनपद बल्कि आसपास के जिलों में भी सबसे हाट मानी जा रही सिराथू विधानसभा सीट के परिणाम को लेकर सभी की निगाह टिकी है। हर चरण के नतीजे आने के बाद लोगों की उत्सुकता भी बढ़ती जा रही है। और ऐसा हो भी क्यों न, इस सीट पर जहां एक ओर यूपी के उप मुख्यमंत्री व भाजपा प्रत्याशी केशव प्रसाद मौर्य हैं तो दूसरी ओर समाजवादी पार्टी और अपना दल कमेरावादी गठबंधन की प्रत्याशी पल्लवी पटेल थीं। आखिरकार शाम को बवाल, पथराव, फायरिंग और लाठीचार्ज के बीच 33 चरणों की गिनती पूरी हुई तो पल्लवी पटेल भारी पड़ीं। केशव प्रसाद मौर्य 6841 मतों से चुनाव में पराजित हो गए। सिराथू विधानसभा सीट (251) पर पहले राउंड में भाजपा प्रत्याशी केशव प्रसाद मौर्य ने बढ़त बनाई थी। प्रथम चरण के बाद केशव प्रसाद मौर्य सपा प्रत्याशी पल्लवी पटेल से 870 मतों से आगे थे। इस राउंड में भाजपा को- 3236 मत मिले थे जबकि सपा गठबंधन को 2366 मत मिले थे। बसपा को 311 और कांग्रेस को 27 मत मिले थे।दूसरे राउंड की मतगणना में भाजपा प्रत्याशी केशव मौर्य को 2953 व पल्लवी को 4278 मत मिले। इस राउंड से पल्लवी ने केशव को पीछे छोड़ा। तीसरे राउंड की मतगणना में केशव मौर्य को 8482 और पल्लवी पटेल को 10626 मत मिले। चौथे राउंड में केशव को 3010 और पल्लवी को 3687 वोट मिले। पांचवें चरण में केशव को 2643 व पल्लवी को 3112 वोट मिले थे। छठें चरण में भाजपा केशव मौर्य को 2951 व सपा अद कमेरावादी गठबंधन की पल्लवी पटेल को 3143 मिले थे। यानी दूसरे से लेकर आखिरी चरण तक पल्लवी ने बढ़त बनाई। 33वें चरण की गिनती पूरी हुई तो साफ हो गया कि केशव प्रसाद यह मुकाबला 6841 वोट से हार गए हैं।