लखनऊ (राजेश सिंह)। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले की भोजिपुरा विधानसभा सीट से सपा विधायक शहजील इस्लाम अंसारी का विवादित बयान सुर्खियों में है। बरेली में एक कार्यक्रम में सपा विधायक ने योगी सरकार को लेकर कहा कि ‘उनसे डरने की जरुरत नहीं है, इस बार हमारे पास अच्छी संख्या है। अगर उनके मुंह से आवाज निकलेगी तो हमारी भी बंदूकों से धुआं नहीं गोली निकलेगी।’ बता दें कि शहजील इस्लाम बरेली में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं की तरफ से आयोजित सम्मान समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि आप लोगों को परेशान होने की जरुरत नहीं है। यूपी में मजबूत विपक्ष है। उन्होंने कहा, “अगर योगी अपशब्द कहने का काम करेंगे तो हम लोग भी चुप बैठने का काम नहीं करेंगे। हमें परेशान और निराश होने की जरुरत नहीं है। एक मजबूत विपक्ष यूपी में मौजूद है। ऐसे में अगर उनके मुंह से आवाज निकलेगी तो हमारी भी बंदूकों से धुंआ नहीं गोली निकलेगी।” शहजील इस्लाम वायरल वीडियो में कहते दिखाई दे रहे हैं, “हम लोग आपके साथ हैं, पूरा जनसमर्थन हमारे साथ हैं। हमारे प्रत्याशियों को एक-एक लाख वोट मिले हैं। अगर इन लोगों ने मनमानी करने की कोशिश की तो बरेली के अंदर भी हम धरना प्रदर्शन करेंगे, सड़कें जाम करने का काम करेंगे। कोई ज्यादती बर्दाश्त नहीं करेंगे। हमारे कार्यकर्ताओं को कोई भी परेशानी हो तो आप संगठन को बताएं।” शहजील ने कहा कि भाजपा अगर उन्माद फैलाने का काम करेगी तो हम उसका मुंहतोड़ जवाब देने का काम करेंगे। शहजील द्वारा योगी सरकार पर निशाना साधने का यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। बता दें कि सपा के शहजील इस्लाम ने 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के बहोरन लाल मौर्या को 9409 वोटों के अंतर से हराया था। शहजील इस्लाम को कुल 119402 वोट मिले थे तो वहीं भाजपा प्रत्याशी को 109993 वोट मिले थे।