मानस विहार अपार्टमेंट में सेक्स रैकेट चलाने का आरोप, विवाद के बाद बालकनी से गिरा था कारोबारी
प्रयागराज (राजेश सिंह)। मानस विहार अपार्टमेंट में आभूषण कारोबारी भूपेंद्र सोनी की मौत के मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन महिलाओं समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक अपार्टमेंट में सरिता नाम की महिला, अनूप सोनी के साथ मिलकर सेक्स रैकेट चला रही थी। इसी दौरान व्हाट्सएप कॉल के जरिए भूपेंद्र सोनी को अपार्टमेंट बुलाया गया था।
पुलिस के अनुसार भूपेंद्र अपार्टमेंट के कमरा नंबर 604 में पहुंचा था। कमरे में पहले से सपना और नेहा नाम की युवतियां मौजूद थीं। इंस्पेक्टर नैनी अविनाश कुमार सिंह ने बताया कि भूपेंद्र लड़कियों से मिलने के लिए वहां आया था। कमरे के अंदर किसी बात को लेकर उसके और युवतियों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान वह बालकनी से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
जांच के दौरान पुलिस ने सेक्स रैकेट से जुड़े होने के आरोप में सरिता, सपना और नेहा समेत अनूप सोनी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक अनूप के संपर्क में भूपेंद्र भी था। अपार्टमेंट में कमरा नंबर 615 में अनूप रहता था, जबकि सरिता कमरा नंबर 606 में रहती थी।
पुलिस ने बताया कि सरिता को वर्ष 2023 में भी मानस विहार अपार्टमेंट में कथित रूप से सेक्स रैकेट चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस मामले में अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।
