प्रयागराज (राजेश सिंह)। पुलिस चौकी एडीए से महज 500 मीटर दूर मानस विहार अपार्टमेंट में लंबे समय से देह व्यापार का धंधा चल रहा था। मामले में लापरवाही बरतने पर चौकी प्रभारी एडीए लेखपाल सिंह को निलंबित कर पुलिस लाइन भेज दिया गया है।
मामले का खुलासा बीते 25 सितंबर को हुआ, जब घूरपुर के चंपतपुर निवासी आभूषण कारोबारी भूपेंद्र सोनी की अपार्टमेंट में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। नैनी पुलिस ने जांच की तो देह व्यापार रैकेट का भंडाफोड़ हुआ। पुलिस ने इस मामले में दो युवकों और तीन युवतियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
अधिकारियों की जांच में सामने आया कि इस अपार्टमेंट में लंबे समय से यह अवैध धंधा संचालित हो रहा था, लेकिन चौकी प्रभारी को इसकी भनक तक नहीं थी। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की गई।
बताया जा रहा है कि इस रैकेट में पकड़ी गई एक महिला को 2023 में भी इसी अपार्टमेंट से नैनी पुलिस ने पकड़ा था। वह कुछ माह पहले ही जमानत पर छूटकर बाहर आई थी और फिर से उसी जगह देह व्यापार शुरू कर दिया था।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले पीएसी कॉलोनी में झूला संचालन के लिए सुविधा शुल्क मांगने की ऑडियो रिकॉर्डिंग वायरल होने पर नैनी कस्बा चौकी प्रभारी को भी हटाया गया था।
