मेजा, प्रयागराज (राजेश शुक्ला/श्रीकान्त यादव)। मेजा के जिला पंचायत सदस्य के अथक प्रयास से पूर्व मुख्यमंत्री ने मांडा की चर्चित धाविका को एक लाख रुपए देकर सम्मानित किया।
बता दें कि 10 अप्रैल 2022 को मेजा विधानसभा के मांडा की रहने वाली धाविका काजल बिंद प्रयागराज से दौड़ते हुए 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यालय लखनऊ पहुंची थी। तब से धाविका काजल बिंद चर्चा में आई थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पोर्ट्स हॉस्टल लखनऊ में दाखिला के लिए आश्वासन दिया था लेकिन अभी तक उसका स्पोर्ट्स हॉस्टल में दाखिला नहीं हुआ। वहीं बुधवार को मांडा के जिला पंचायत सदस्य प्रमिल यादव के अथक प्रयास से धाविका काजल बिंद अपने पिता नीरज कुमार बिंद के साथ लखनऊ में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मिली। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से धाविका काजल बिंद ने बताया कि वह कक्षा छह की छात्रा है और खेल में उसकी रुचि है। वह मैराथन खेल में देश के लिए ओलंपिक में मेडल लाना चाहती है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मैराथन धाविका काजल को भविष्य में सफलता की शुभकामना देते हुए समाजवादी पार्टी की तरफ से एक लाख रुपए की राशि प्रदान कर प्रोत्साहित किया। उन्होंने स्पोर्ट्स कालेज के दाखिला में हर संभव सहयोग करने का भी आश्वासन दिया। इस मौके पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी, डॉ राजपाल कश्यप, जिला पंचायत सदस्य प्रमिल यादव, तेज बहादुर निषाद, रजनीकांत बिंद, शुभम यादव सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।