सूबे डिप्टी सीएम सहित कई नेताओं ने ट्वीट कर व्यक्त की संवेदना
लखनऊ (राजेश सिंह)। सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की पत्नी साधना गुप्ता का शनिवार को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। सपा सहित विपक्ष के नेताओं ने उनकी मृत्यु पर शोक जताया है। वह करीब 65 वर्ष की थीं और शुगर सहित कई अन्य बीमारियों के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। उनका शव एयरलिफ्ट कर लखनऊ लाया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की पत्नी साधना का निधन अत्यंत दु:खद है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व उनके परिजनों को यह दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!
अपर्णा ने किया ट्वीट, निःशब्द हूँ मै !
साधना गुप्ता की बहू व भाजपा नेता अपर्णा यादव ने ट्वीट किया कि निःशब्द हूँ मै ! मेरी पूज्य सासू माँ का निधन हो गया। ॐ शान्ति
शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह ने बादल ने साधना गुप्ता के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि साधना गुप्ता जी के निधन की खबर सुनकर स्तब्ध हूं। मेरी संवेदनाएं यादव परिवार के साथ हैं।
यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने ट्वीट कर संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने ट्वीट किया कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की धर्मपत्नी साधना गुप्ता के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से प्रार्थना है कि वह दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे एवं शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करे। ॐ शान्ति…
ब्रजेश पाठक ने ट्वीट कर शोक जताया है
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की धर्मपत्नी साधना गुप्ता के निधन की दुःखद सूचना प्राप्त हुई। ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि गोलोकवासी पुण्यात्मा को शांति व परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति शांति शांति
साधना गुप्ता के निधन पर समाजवादी पार्टी के ट्विटर अकाउंट से ट्वीट कर उन्हें श्रद्घांजिल दी गई है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक ने भी ट्वीट कर शोक व्यक्त किया है।
केशव ने ट्वीट किया कि पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की पत्नी साधना गुप्ता के निधन का दुखद समाचार मिला। प्रभु पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में जगह दे और मुलायम सिंह यादव व उनके परिजनों को दुख सहने की शक्ति दे।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव व सपा विधायक शिवपाल सिंह यादव, मुलायम सिंह के लखनऊ स्थित आवास पर पहुंच चुके हैं। इसके साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं व कई वरिष्ठ नेताओं का उनके आवास पर पहुंचना शुरू हो गया है।